Homeअपना शहर ,
62वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 20 अक्टूबर से तैयारियों की बैठक सम्पन्नश

62वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 20 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक ग्वालियर में आयोजित की जायेगी। इस प्रतियोगिता में मार्शल आर्ट और किक बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिताओं की व्यवस्थाओं के लिये कलेक्टर डॉ. संजय गोयल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जिसमें कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने शहर और बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खिलाडियों को क्लोरीनयुक्त पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाएँ। जिन स्थानों पर खिलाड़ियों को रोकने की व्यवस्था की गई है, विशेषकर बालिकाओं के रूकने वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाए। इसके संबंध में उन्होंने पुलिस विभाग को पूर्व से सूचित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि मार्शल आर्ट और किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को चोट पहुँचने की संभावना रहती है। इसीलिये चिकित्सकों की टीम सभी आवश्यक उपकरणों के साथ पूरे समय खेल मैदान पर उपस्थित रहेंगी।

      जिला शिक्षा अधिकारी श्री जोशी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग 14, 17, 19 वर्ष आयु के खिलाड़ी भाग लेंगे। ये प्रतियोगितायें शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय पद्मा के खेल मैदान पर आयोजित की जायेंगी। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 20 अक्टूबर को होगा। प्रतियोगितायें प्रतिदिन प्रात: 8 बजे से प्रारंभ होंगी। इसमें 10 संभागों के लगभग 400 खिलाड़ी और 90 अधिकारी सम्मिलित होंगे। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिये शिक्षा विभाग द्वारा सभी व्यवस्थायें सुनिश्चित कर ली गई हैं। खेल मैदान और खिलाड़ियों के आवास स्थानों पर विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिये अधीक्षण यंत्री एमपीएसईव्ही से संपर्क किया जा चुका है। इन स्थानों पर साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था भी नगर निगम के माध्यम से की जा रही है।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री विकास जोशी, सिविल सर्जन डॉ. डी डी शर्मा, जिला खेल अधिकारी सहित सभी स्पोर्ट टीचर और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :