Homeराज्यो से ,
50 जादूगरों की टीम करेगी BJP का चुनाव प्रचार

 à¤—ुजरात के पिछले विधानसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी की थ्री-डी सभाओं का आकर्षण था, इस बार भाजपा नागपुर के 50 जादूगरों से प्रचार कराएगी। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्री व राष्ट्रीय नेताओं की सभाओं से पहले ये जादूगर हाथ में कमल खिलाने जैसे जादू के खेल दिखाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सभा की ओर खींचा जा सके।

देश के जाने-माने जादूगर एस. लाल को भाजपा ने चुनाव प्रचार का जिम्मा सौंपा है जो जादू के खेल के बहाने भाजपा प्रत्याशियों का प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि नागपुर के 50 जादूगरों को गुजरात में विकास के मुद्दे पर शो करने का जिम्मा सौंपा जाएगा। दरअसल, सोशल मीडिया में 'विकास पागल हो गया है' अभियान ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। इसलिए पार्टी अपने प्रचार में इस मुद्दे को खासकर काउंटर कर रही है।

एस. लाल बताते हैं कि उनकी टीम लोकसभा, विधानसभा और निकाय चुनावों में पार्टी व नेताओं के कहने पर प्रचार में जादू दिखाते हैं। जैसा पार्टी चाहती है वैसा ही जादू दिखाया जाता है। गुजरात में होने वाले जादू के कार्यक्रमों में विकास की थीम पर हाथ में कमल उगाकर दिखाएंगे। सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के बाद मध्य गुजरात और उत्तर गुजरात में भी जादू के कार्यक्रम होंगे।

बता दें कि 2012 के गुजरात विधानसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी ने अधिकांश सीटों पर थ्री-डी सभाओं के जरिये मतदाताओं को संबोधित किया था। उसके बाद लोकसभा चुनावों में उनकी चाय पर चर्चा कार्यक्रम ने खूब सूर्खियां बटोरी थीं। हालांकि, इस बार भी प्रधानमंत्री मोदी टाउन हॉल कार्यक्रम में डीटीएच तकनीक से पांच लाख लोगों को संबोधित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पहले ही अहमदाबाद में टाउन हॉल कार्यक्रम कर चुके हैं।

Share This News :