Homeअपना शहर ,
स्व. कटारे ने मजदूरों के हक की लड़ाई से राजनैतिक जीवन की शुरूआत की – श्री चौहान

मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष की पार्थिव देह पर श्रृद्धा-सुमन अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने  नेता प्रतिपक्ष स्व.सत्यदेव कटारे की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पितकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुंबई से  विमान द्वारा स्व.कटारे की पार्थिव देह शुक्रवार को दोपहर बाद यहाँ राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुँची। मध्यप्रदेश की धरती पर स्व. कटारे की पार्थिव देह को कंधा देने के लिये मुख्यमंत्री श्री चौहान पहले से ही विमानतल पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री स्व.कटारे की पार्थिव देह को सम्मान पूर्वक कंधा देकर श्रद्धांजलि स्थल तक लाये। पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित करने के बाद श्री चौहान ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. कटारे ने मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ी। उन्होंने संघर्षशीलता व कठिन परिश्रम की बदौलत राजनीति में अपना अहम स्थान बनाया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शोक संतृप्त परिवार को ढांढ़स बंधाया और ईश्वर से परिवार को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

विमानतल पर पहुँचकर उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया, सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष श्री बाल बच्चन, जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी एवं विधायक श्रीमती इमरती देवी ने भी स्व. कटारे  की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि दी। महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने लोक सभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन की ओर से स्व. कटारे को श्रृद्धा-सुमन अर्पित किए।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने नेता प्रतिपक्ष स्व. सत्यदेव कटारे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज मन दुःख से भरा हुआ है। मेरे मित्र कटारे अचानक हमें छोड़कर चले गए। वे कर्मठ व जुझारू नेता थे।  स्व.कटारे केवल भिण्ड के ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश के नेता थे। मुख्यमंत्री ने भावुक होकर कहा कि मुझे उम्मीद थी कि जनसेवा के काम में लंबे समय तक हमें उनका साथ मिलेगा। मगर क्रूर काल ने उन्हें असमय हमसे छीन लिया। श्री चौहान ने दुखित होकर यह शेर पढ़ा “बड़े गौर से सुन रहा था जमाना, तुम्ही सो गए दास्ता कहते कहते”।

स्व. सत्यदेव कटारे को श्रृद्धा-सुमन अर्पित करने सर्वश्री  देवेश शर्मा,  कमल माखीजानी, अशोक सिंह,प्रद्युम्न सिंह तोमर, रामवरण सिंह गुर्जर, अशोक शर्मा, मोहन सिंह राठौर, दर्शन सिंह यादव, श्रीराम जाटव, रमेश अग्रवाल,  हरी सिंह नरवरिया, सुरेन्द्र शर्मा, रमेश दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्व. कटारे की पार्थिव देह पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

इस मौके पर प्रमुख सचिव जनसंपर्क श्री एस के मिश्रा,  संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, आईजी श्री आदर्श कटियार, कलेक्टर डॉ संजय गोयल, एसपी श्री हरिनारायणचारी मिश्रा भी मौजूद थे। स्व.कटारे को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं उनकी  पार्थिव देह के अंतिम दर्शन करने बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक ग्वालियर विमानतल पर पहुँचे थे।

लंबे समय से बीमार चल रहे वरिष्ठ राजनेता सत्यदेव कटारे जी का कल मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज़ के दौरान निधन हो गया था। स्व.कटारे की पार्थिव देह का अंतिम संस्कार 22 अक्टूबर को भिंड जिले की अटेर तहसील  स्थित उनके गृह गाँव मनेपूरा में किया जायेगा।

Share This News :