Homeअपना शहर ,
पुलिस शहीद दिवस पर अधिकारियों ने शहीदों का स्मरण कर दी विनम्र श्रृद्धांजलि

पुलिस शहीद दिवस पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विशेष सशस्त्र बल 14वीं वाहिनी विसबल के मैदान में स्थित शहीद स्मारक पर अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने शहीदों का स्मरण करके विनम्र श्रृद्धांजलि अर्पित की। ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री आदर्श कटियार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस श्रृद्धांजलि समारोह में विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह, एलएनआईपीयू के कुलपति श्री दिलीप चंद्र दुरेहा, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, पुलिस अधीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्रा एवं रिटायर्ड एडीजी श्री एस एस शुक्ला, श्री ए.आर. पवार, रिटायर्ड आईजी श्री रामलाल वर्मा तथा डॉ. जे एस नामधारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

      कार्यक्रम के दौरान गत वर्ष में हुए शहीदों के नामों का वाचन भारतीय पुलिस सेवा के श्री रियाज इकबाल द्वारा किया गया। परेड का नेतृत्व श्री प्रवीण सिंह परिहार, सहायक सेनानी 18वीं वाहिनी विसबल शिवपुरी तथा सहायक परेड कमाण्डर श्री हरिमोहन शर्मा, निरीक्षक विसबल 14वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर द्वारा किया गया। परेड़ में 2वीं, 13वीं, 14वीं वाहिनी विसबल जिला पुलिस बल व नगर सेना ग्वालियर के अधिकारी-कर्मचारी सम्मिलित हुए। इस आयोजन में जिले के स्वतंत्रता सेनानी, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, जवानों व 14वीं वाहिनी विसबल स्थित शासकीय स्कूल के बच्चों ने शहीदों को पुष्पचक्र व पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भावभीनी श्रृद्धांजलि दी।

      पुलिस स्मृति दिवस पर्व हमें उन वीर सार्थियों की याद दिलाता है, जिन्होंने समाज एवं देश के रक्षणार्थ हँसते-हँसते प्राण न्यौछावर किए हैं एवं आदर्श परम्परा को आगे बढ़ाया। आज से 57 वर्ष पूर्व 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के बर्फीले क्षेत्र “हाट स्प्रिंग” में चीन की सशस्त्र सेना के साथ एक मुठभेड़ में भारतीय तिब्बत सीमा पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 बहादुर जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया था, किंतु अपनी पोस्ट नहीं छोड़ी। तब से प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाकर हम अपने शहीद सार्थियों का स्मरण कर श्रृद्धांजलि अर्पित करते हैं।

      देश में 21 अक्टूबर 1959 से 31 अगस्त 2016 तक विगत 57 वर्षों में कुल 33 हजार 242 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी कर्तव्य के पथ पर प्राणों का बलिदान कर चुके हैं तथा पूरे देश में गत वर्ष (01 सितम्बर 2015 से 31 अगस्त 2016 तक) कुल 473 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी पूरे भारतवर्ष में शहीद हुए हैं। जिसमें मध्यप्रदेश के पाँच बहादुर एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस कर्मचारी एएसआई श्री विद्याराम दौहरे, बसंत वर्मा, महेश यादव, रिखीराम यादव एवं आर.329 अतिबल सिंह भी शामिल हैं, जिन्होंने कर्तव्य की बेदी पर अपने प्राणों का उत्सर्ग किया है।

Share This News :