Homeदेश विदेश ,खास खबरे,
ब्रिटेन आग से खेल रहा है, बाद में पछताना पड़ेगा: जासूसी विवाद पर रूस ने दी जंग की धमकी

न्यूयॉर्क. जासूस सर्गेई स्क्रिपल को जहर देने के मामले में ब्रिटेन और रूस के बीच विवाद और ज्यादा बढ़ गया है। सिक्युरिटी काउंसिल की बैठक में शुक्रवार को रूस के एम्बेस्डर वसिलि नेबेंजिया ने आरोप लगाया कि ब्रिटेन उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी कहानियां गढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा ब्रिटेन आग से खेल रहा है और बाद में इसके लिए उसे अफसोस जताना पड़ेगा।


आरोपों का जवाब देने के लिए रूस ने बुलाई बैठक
- मॉस्को ने हमले के बारे में चर्चा करने के लिए खुद सिक्युरिटी काउंसिल की स्पेशल मीटिंग बुलाई है। बैठक के दौरान रूस के एम्बेस्डर नेबेंजिया ने ब्रिटेन के आरोपों को बेबुनियाद और बिना किसी प्रमाण का बताया। उन्होंने दावा किया कि ब्रिटेन रूस के खिलाफ छद्म युद्ध (प्रोपोगेंडा वॉर) शुरू करना चाहता है।

ब्रिटेन के आरोप किसी क्राइम शो की कहानी जैसे: रूस
- नेबेंजिया ने कहा, “जिस किसी ने भी ब्रिटेन के टीवी शो देखे हैं वो जानते होंगे कि किसी को खुलेआम और खतरनाक तरीकों से कैसे मारा जाता है। उन्होंने पूछा कि आखिर क्यों रूस किसी पर ऐसा खतरनाक हमला खुलेआम क्यों करेगा।
- नेबेंजिया ने कहा कि नोविचोक नर्व एजेंट जो कि स्क्रिपल को दिया गया है सिर्फ रूस का कॉपीराइट नहीं है। इसका सिर्फ नाम रूसी है, लेकिन दुनिया के कई देश इसे बना चुके हैं।

दूसरे देशों में हत्याओं को अंजाम देने के लिए जाना जाता है रूस: ब्रिटेन
- यूएन में ब्रिटेन की एम्बेस्डर केरेन पियर्स ने रूस पर यूएन जैसी संस्था के आदेशों ना मानने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रूस पर शक की कई वजहे हैं। रूस दुनियाभर में मर्डर ऑपरेशन चलाने की जाना जाता रहा है। साथ ही वो देश छोड़कर भागने वालों को आसान निशाना भी बनाता है।
- पियर्स ने कहा, “रूस की यूलिया से मिलने की मांग पर अभी विचार किया जा रहा है। हम यूलिया के जवाब का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि हमें उनकी मर्जी का भी ध्यान रखना होगा।”

ब्रिटेन के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन का प्रस्ताव दे चुका है रूस
- बुधवार को रूस ने मामले की जांच साथ करने के लिए ब्रिटेन को प्रस्ताव दिया था। हालांकि, केमिकल वेपन्स पर लगाम लगाने वाली संस्था ने इस योजना के खिलाफ वोट किया था।
- प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ब्रिटेन में रूस के राजदूत एलेक्जेंडर याकोवेंको ने कहा था कि इस योजना को ना मानना पार्दर्शिता को ठुकराने जैसा है।


जहर के असर से बाहर हैं यूलिया स्क्रिपल
- सर्गेई स्क्रिपल की बेटी यूलिया अब जहर के असर से बाहर हैं। उन्होंने अपने स्वास्थ्य के बारे में स्टेटमेंट भी जारी किया है, इसमें कहा गया है कि वो स्वस्थ हैं और उनकी तबियत हर दिन बेहतर हो रही है। हालांकि सर्गेई अभी होश में नहीं आ पाए हैं, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

एक महीने पहले दिया गया था जहर
- बता दें कि सर्गेइ स्क्रिपल रूस के पूर्व जासूस रह चुके हैं। उन्हें और उनकी बेटी यूलिया 4 मार्च को दक्षिणी इंग्लैंड में एक शॉपिंग सेंटर के बाहर एक बेंच पर बेहोशी की हालत में पाया गया था। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई थी, जहां उन्हें जहर नोविचोक के असर में पाया गया था। इसके बाद ब्रिटिश सरकार ने आरोप लगाया था कि यह कारस्तानी रूस के जासूसों की है।
- गौरतलब है रूस के सेवानिवृत सैन्य खुफिया अधिकारी स्क्रिपल को ब्रिटेन के लिए जासूसी करने के आरोप में रूस ने 2006 में 13 साल की सजा सुनाई थी। हालांकि, बाद में उन्हें माफी मिल गई थी और ब्रिटेन ने उन्हें नागरिकता दे दी थी। वह तब से ब्रिटेन में ही रह रहे हैं।

Share This News :