Homeराज्यो से ,
राज्यपाल से मिले येदियुरप्पा, कांग्रेस-JDS खेमे में भी भारी हलचल

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। हालांकि, भाजपा 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी लेकिन बहुमत से अब भी 8 सीट दूर है। वहीं कांग्रेस ने जेडीएस को समर्थन देकर बहुमत का आंकड़ा जुटा लिया है। अब सब कुछ राज्य के राज्यपाल के हाथ में हैं। सिलसिलेवार तरीके से पढ़ें बुधवार का अब तक का पूरा घटनाक्रम-

- भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार येदियुरप्पा ने बुधवार सुबह 10.30 बजे विधायक दल की बैठक में हिस्सा लिया, जहां उन्हें दल का नेता चुन लिया गया। इसके बाद वे राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

- राजभवन से बाहर आने के बाद येदियुरप्पा ने कहा, हमने राज्यपाल के सामने अपनी बात रखी है। उन्होंने (राज्यपाल) ने कहा है कि वे विचार करने के बाद सूचना देंगे।

- पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद जेडीएस के कुमारस्वामी ने कहा, मुझे भाजपा और कांग्रेस, दोनों तरफ से समर्थन का ऑफर था। मैंने 2004 और 2005 में भाजपा के हाथ मिलने का फैसला किया था और यह फैसला मेरे पिता एचडी देवेगौड़ा के माथे पर काले धब्बे की तरह था। भगवान में अब मुझे यह काला दाग मिटाने का मौका दिया है। इसलिए मैंने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने का फैसला किया है।

- कुमारस्वामी ने यह आरोप भी लगाया कि उनकी पार्टी के विधायकों को भाजपा की ओर से 100-100 करोड़ रुपए और कैबिनेट बर्थ का लालच दिया जा रहा है। कुमारस्वामी ने कहा, वे कांग्रेस नेताओं के साथ राजभवन जाएंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

  • वहीं केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने 100 करोड़ का लालच दिए जाने के कुमारस्वामी का आरोप को खारिज करते हुए कहा कि ये बातें मनगढंत हैं। इस तरह की राजनीतिक कांग्रेस करती है।

Share This News :