Homeअपना शहर ,
मध्‍यप्रदेश में छाया मानसून, कई स्थानों पर झमाझम बरसात का दौर शुरू

भोपाल। à¤…रब सागर के बाद अचानक बंगाल की खाड़ी से मिली जबरदस्त ऊर्जा के चलते बुधवार को पूरे प्रदेश में मानसून छा गया। इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बरसात का दौर भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में मौसम विज्ञानियों ने शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, गुना, राजगढ़ आदि में भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। 

 

मौसम विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक ममता यादव ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 24 जून को प्रदेश में दस्तक दी थी। बुधवार को मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है, जिसके चलते बरसात का दौर शुरू हो गया है। वर्तमान में उड़ीसा पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है।

साथ ही दक्षिणी गुजरात से केरल तक एक कम दबाव की द्रोणिका (ट्रफ) बनी हुई है। दक्षिण-पश्चिम मप्र और उससे लगे गुजरात के क्षेत्र पर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से बड़े पैमाने पर नमी के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बरसात का सिलसिला जारी है।

Share This News :