Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया बोले- आप लोगों ने कभी आंख नहीं मारी?

इंदौर : 

कांग्रेस की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को इंदौर में थे। रेसीडेंसी कोठी में पत्रकार वार्ता के लिए आए तो पत्रकारों ने अविश्वास प्रस्ताव के दौरान राहुल गांधी के आंख मारने पर सवाल किया। सिंधिया ने उलटा सवाल दागा कि क्या कभी आप लोगों ने आंख नहीं मारी। उन्होंने संसद में जो मुद्दे उठाए, उन्हें छोड़कर आप आंख मारने पर ध्यान दे रहे हैं। बाद में सिंधिया ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार समेत कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा महिलाएं नहीं, अब तो छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

आधे टिकट दो महीने पहले बांटेंगे

विधानसभा चुनावों से डेढ़-दो महीने पहले हम 40 से 50 प्रतिशत टिकट बांट देंगे। शेष कम से कम एक महीने पहले। 30 प्रतिशत ऐसे चेहरों को टिकट मिलेगा, जिन्होंने पहले विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा हो लेकिन जनपद या अन्य पदों से उनके पास राजनीति का अनुभव हो।

हर ब्लॉक में किसान, महिला और युवाओं के पास जाएंगे कांग्रेसी

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपना ध्यान किसान, बेरोजगार युवा और महिलाओं पर लगा रही है। ब्लॉक स्तर पर जाकर कांग्रेसी कर्ज में डूबे या आत्महत्या कर चुके किसानों के परिवार के पास पहुंचेंगे। बेरोजगार युवाओं और महिलाओं से बात करेंगे। कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संभाग के नेताओं को इस पर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समिति के 14 सदस्यों को ब्लॉक की जिम्मेदारियां भी बांट दीं।

शनिवार सुबह रेसीडेंसी कोठी में सिंधिया ने संभाग की चुनाव अभियान समिति की बैठक ली। इसमें सांसद कांतिलाल भूरिया, संभाग के विधायक, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विजयलक्ष्मी साधौ, सज्जन वर्मा, उपाध्यक्ष तुलसी सिलावट समेत संभाग के सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व विधायक मौजूद थे। सिंधिया ने छह बिंदुओं के आधार पर सभी सदस्यों को तीन-तीन ब्लॉक का प्रभार सौंपा। समिति के सदस्य किसानों के पास जाकर कर्ज, बिजली के बिलों पर पहले हुई कार्रवाई, कुर्की और जब्ती की जानकारी भी जुटाएंगे।

स्थानीय भाजपा विधायकों की असफलता से लेकर स्थानीय मुद्दों पर बात करेंगे। साथ ही बेरोजगार युवाओं के बीच जाकर भी बात करना होगी। इसमें युवा कांग्रेस और एनएसयूआई भी साथ होगी। समिति ने सभी ब्लॉक में महिलाओं के कार्यक्रम करने के निर्देश दिए हैं। 'कांग्रेस आपके द्वार' की तर्ज पर घर-घर जाकर भाजपा सरकार की असफलता बताने का जिम्मा समिति को सौंपा गया है। सिंधिया ने हर आयोजन की समयसीमा तय करते हुए महीनेभर में इसकी प्रगति रिपोर्ट भी तलब की है।

Share This News :