Homeअपना मध्यप्रदेश,
श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, 2 की मौत, 18 घायल

भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र के छिबावली गांव से रतनगढ़ माता मंदिर की ओर जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली मरसेनी ग्राम के पास अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे ट्रॉली में सवार दो लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए।

घायलों में 5 महिलाएं व 3 बच्चे भी शामिल हैं। हादसा शुक्रवार सुबह 9 बजे का है। 5 घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर के लिए रेफर किया गया। घटना के साढ़े तीन घंटे बाद 108 एंबुलेंस के पहुंचने से लोगों में काफी रोष दिखा।

छिबावली थाना दबोह निवासी परशुराम दोहरे शुक्रवार सुबह चार ट्रैक्टर ट्रॉलियों से ग्रामीणों को लेकर वह रतनगढ़ माता मंदिर की ओर निकल गए। जत्थे में शामिल चार ट्रैक्टरों में से दो ट्रैक्टर एक-दूसरे को ओवरटेक कर रहे थे। इस बीच एक ट्रैक्टर ने भगुवापुरा मरसेनी के बीच माता मंदिर मार्ग में अपने जत्थे के दूसरे ट्रेक्टर को क्रॉस किया।

 

क्रॉस के दौरान दूसरे ट्रैक्टर चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया पर ओवरटेक करके निकले ट्रैक्टर चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और पहले उछलने के बाद वह पलट गया। ट्रॉली ने दो बार पलटी खाई। ट्रॉली में सवार सभी लोगों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को सेंवढ़ा सिविल अस्पताल लाया गया।

घायलों में राजवीर(15) पुत्र गंभीर बघेल और सुनील(18) पुत्र गोकली शाकय निवाी छिबावली की हालत गंभीर थी। इसलिए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया, लेकिन 108 एंबुलेंस नहीं होने से घायल ग्वालियर रवाना नहीं हो सके और करीब 11 बजे दोनों की मौत हो गई।

Share This News :