Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
Sumitra Mahajan को मनाने घर पहुंचे कार्यकर्ता, ताई बोलीं- रोज नहीं बदले जाते फैसले

इंदौर। पार्टी की तरफ से टिकट वितरण में हो रही देरी के दुखी होकर मौजूदा सांसद सुमित्रा महाजन ने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को चिठ्ठी लिखकर अपना फैसला बताया है। उनकी इस चिठ्ठी के बाद ही न सिर्फ पार्टी में उथल-पुथल मची हुई है, बल्कि उनके कार्यकर्ता भी ताई के फैसले से हैरान हैं। इसलिए गुड़ी पड़वा के मौके पर आज सुबह बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मनीषपुरी स्थित उनके घर पहुंच गए। सभी कार्यकर्ताओं ने उनसे अपना फैसला बदलने की बात कही। मिन्नतें कि वो चुनाव न लड़ने के फैसले के बारे में दोबारा सोचें। लेकिन सुमित्रा महाजन ने कार्यकर्ताओं को साफ कर दिया कि वो अपना फैसला नहीं बदलेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कहा कि, फैसले रोज-रोज नहीं बदले जाते हैं। कार्यकर्ताओं ने शहर विकास की दुहाई दी तो वो बोलीं कि काम करने के लिए सांसद होना जरूरी नहीं है।

इस बीच ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि वो पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित हुए कार्यक्रम में भी नहीं पहुंचीं है। इस पर पार्टी के नेता कुछ भी कहने से बच रहे हैं। इस बीच शिवराज सिंह चौहान का भी बयान सामने आया है। उन्होंने भोपाल में कहा कि, ताई पार्टी के लिए बड़ी प्रेरणास्रोत हैं। खासतौर पर मेरे लिए तो वो मां के समान हैं। उन्होंने इंदौर के विकास के साथ ही मध्य प्रदेश में पार्टी को स्थापित करने में बड़ा योगदान दिया है।

बता दें कि सुमित्रा महाजन ने शुक्रवार को एक चिठ्ठी लिखकर लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था। ताई की चिठ्ठी सार्वजनिक होते ही सियासत गरमा गई। आनन-फानन में विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़ और नगर अध्यक्ष उनके घर पहुंचे और इस बारे में चर्चा की। इसी दौरान उन्होंने नगर अध्यक्ष को चुनाव न लड़ने की चिठ्ठी भी सौंपी।

 

Share This News :