Homeअपना शहर ,
कलेक्टर ने गौशाला पहुँचकर बीमार गायों को देखा और अधिकारियो को दिए आवश्यक निर्देश

ग्वालियर। ग्वालियर शहर की सड़कों पर आवारा मवेशियों के कारण कई दुर्घटनाएं प्रकाश में आई हैं। नगर निगम द्वारा शहर की सड़कों से पकड़े गए मवेशियों को अब निगम केवल जुर्माने की राशि लेकर नहीं छोड़ेगा। मवेशियों को छोड़ने का प्रकरण संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के पास भेजा जायेगा। एसडीएम संबंधित पशुपालक को पशु सड़क पर न छोड़ने के लिए बाउण्डओवर करने के पश्चात ही पशु को छोड़ेगा। बाउण्डओवर के पश्चात भी अगर पशुपालक का पशु सड़क पर पकड़ा जायेगा तो संबंधित पशुपालक के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने रविवार को गौशाला के निरीक्षण के दौरान यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शहर में आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं तथा यातायात प्रभावित होने की जानकारी प्रकाश में आती है। नगर निगम के माध्यम से रसीद काटकर पशु छोड़ने की प्रक्रिया न करते हुए उनके प्रकरण संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के पास भेजे जाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अनुराग चौधरी ने उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग को भी निर्देशित किया कि रात के समय अपने दो दल शहर में रखें, ताकि दुर्घटना होने पर पशुओं का तत्परता से उपचार किया जा सके।
कलेक्टर चौधरी ने गौशाला में उपलब्ध गोबर की खाद का भी सदुपयोग करने के निर्देश पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग के माध्यम से दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों को गौशाला में उपलब्ध गोबर की खाद जिले में किसानों को दिलाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग को विभिन्न ट्रस्टों, मंदिरों आदि जिनके पास भूमि उपलब्ध है उनकी बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने अपने जन्मदिन पर गौशाला में जाकर बीमार गौवंश को भोग लगाया और गायों को फल, सब्जी आदि खिलाए। इस मौके पर मुरार क्षेत्र की एसडीएम श्रीमती जयति सिंह, एसडीएम सी बी प्रसाद, अपर आयुक्त नगर निगम राजेश श्रीवास्तव, गौशाला प्रभारी श्री केशव चौहान उपस्थित थे।
निम्माजी की खो में वृक्षारोपण
शहर को हरा-भरा बनाने के लिए शासन-प्रशासन के प्रयास के साथ-साथ सामाजिक संस्थाएं, गणमान्य नागरिक और आम जन भी बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं। आत्म समर्पण करने के पश्चात सामाजिक कार्यों में सक्रिय मलखान सिंह भी वृक्षारोपण के कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने अपने जन्मदिन पर निम्माजी की खो में पहुँचकर वृक्षारोपण किया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक प्रवीण पाठक, मलखान सिंह, एसडीएम सी बी प्रसाद, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
विधायक प्रवीण पाठक ने वृक्षारोपण के दौरान आम लोगों से कहा कि क्षेत्र के विकास में शासन-प्रशासन तेजी के साथ कार्य कर रहा है। हम सबको भी अपने क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी का निर्वहन करना होगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी कड़ी में निम्माजी की खो को हरा-भरा करने का कार्य प्रारंभ किया गया है। हम सबको पौधरोपण के साथ-साथ रोपे गए पौधों की देखभाल भी करना जरूरी है। विधायक पाठक ने कहा कि शीघ्र ही निम्मजी की खो में प्रशासन और आम जनों के सहयोग से जन भागीदारी के माध्यम से वृक्षारोपण का कार्य किया जायेगा।
विधायक पाठक ने कहा कि निम्माजी की खो में किए गए वृक्षारोपण स्थल को सुरक्षित करने की दिशा में भी तत्परता से कार्रवाई की जायेगी। इस स्थान को बाउण्ड्रीवॉल बनाकर सुरक्षित करने का कार्य भी किया जायेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों को स्वच्छता के प्रति भी सचेत रहते हुए अपनी सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।
कलेक्टर चौधरी ने कहा कि शहर में वृक्षारोपण के अभियान को सभी के सहयोग से चलाया जा रहा है। शहर में 8 – 10 स्थानों को चिन्हित कर सिटी फोरेस्ट के रूप में विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है। निम्माजी की खो में भी उपलब्ध खुली भूमि को हरा-भरा बनाने का कार्य प्रारंभ हुआ है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक पौधरोपण करने के साथ-साथ उसकी देखरेख की जवाबदारी भी उठाएं।
माधव अंधाश्रम में बच्चों के साथ कलेक्टर ने मनाया जन्मदिन
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने अपना जन्मदिन रविवार को माधव अंधाश्रम के बच्चों के साथ मनाया। उन्होंने बच्चों के साथ ही केक काटकर खुशी का इजहार भी किया। अपने परिवार के साथ माधव अंधाश्रम पहुँचकर कलेक्टर ने जन्मदिन का केक काटा और बच्चों को मिष्ठान और फल वितरित किए। कलेक्टर चौधरी ने बच्चों से चर्चा कर उनकी दिनचर्या के संबंध में भी जानकारी ली।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने माधव अंधाश्रम में रहने वाले मनीष जाटव से चर्चा के दौरान जब पूछा कि वह कहां का रहने वाला है और उसके परिवार में कौन-कौन है, तो मनीष ने बताया कि वह भितरवार तहसील के नयागांव का निवासी है और उसके पिता का निधन विगत दो माह पूर्व कैंसर की बीमारी से हुआ है। उसकी माँ कामकाजी महिला है। कलेक्टर ने मनीष को आदिम जाति कल्याण विभाग के माध्यम से 10 हजार रूपए की सहायता स्वीकृत करने के साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि उसके परिवार को नया सवेरा योजना के तहत 4 लाख रूपए की सहायता का प्रकरण भी तैयार कर स्वीकृत कराया जाए।
माधव अंधाश्रम में कलेक्टर अनुराग चौधरी के पहुँचने पर बच्चों ने उन्हें गीत और भजन भी सुनाए। शारीरिक अपंगता होने के बाबजूद बच्चों द्वारा भजन और गीत की शानदार प्रस्तुति दी गई। उपस्थित सभी लोगों ने उनकी खुले मन से प्रशंसा की। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती जयति सिंह, सीबी प्रसाद सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :