MP के नए CM के पास क्या-क्या?
डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। बुधवार को उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली। मुख्यमंत्री के साथ उनकी कैबिनेट के दो उप-मुख्यमंत्रियों राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा ने भी शपथ ली। 58 साल के मोहन यादव उम्र में अपने दोनों सहयोगियों से छोटे हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की उम्र 59 साल है तो दूसरे उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा 66 साल के हो चुके हैं।
कितनी दौलत है?
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन जिले की उज्जैन दक्षिण सीट से पर्चा भरा था। 58 वर्षीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने शपथ पत्र में कुल 42.04 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई है। 2018 के चुनाव में उन्होंने कुल 31.97 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति बताई थी। दस साल पहले यानी 2013 में मुख्यमंत्री के पास कुल 16.95 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। इस तरह से बीते 10 साल में उनकी संपत्ति में करीब 25 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
घटती बढ़ती रही है नए मुख्यमंत्री की कमाई
कमाई की बात करें तो 2018-19 में नए मुख्यमंत्री की कुल कमाई 27.78 लाख रुपये थी। अगले वित्त वर्ष में उनकी कमाई में भारी बढ़ोतरी हुई। 2019-20 में ये बढ़कर 31.21 लाख रुपये हो गई। 2020-21 में डॉ. मोहन यादव की कमाई में कमी आई और ये 21.31 लाख रुपये हो गई। वहीं, 2021-22 में मुख्यमंत्री की कमाई में भारी कमी हुई और ये घटकर 12.35 लाख रुपये हो गई। 2022-23 में इसमें दुगुनी बढ़ोतरी हुई और ये 24.20 लाख रुपये हो गई।
मुख्यमंत्री की पत्नी की आय में आई है कमी
डॉ. मोहन यादव की पत्नी सीमा यादव की कमाई 2018-19 में 20.76 लाख रुपये थी। अगले वित्त वर्ष 2019-20 में उनकी कमाई घटी और यह 17.16 लाख रुपये हो गई। हलफनामे के अनुसार, 2020-21 में सीमा को 21.06 लाख रुपये की कमाई हुई। वहीं, 2021-22 में मुख्यमंत्री की पत्नी की कमाई में भारी कमी आई और ये 9.99 लाख रुपये रह गई। 2022-23 में सीमा को दोबारा नुकसान हुआ और यह 7.07 लाख रुपये ही रही।