Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
माँ नर्मदा की कृपा से लगातार मिल रहा है कृषि कर्मण अवार्ड : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में कृषि क्षेत्र की प्रगति का श्रेय नर्मदा से मिलने वाली सिंचाई और विद्युत आपूर्ति को दिया है। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश कृषि के क्षेत्र में लगातार उन्नति कर रहा है। देश के कई राज्यों को पीछे छोड़ते हुए निरन्तर कृषि कर्मण अवार्ड अर्जित करने में हम सफल हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि डिण्डौरी जिले से ही मुझे नर्मदा सेवा-यात्रा का विचार आया। उन्होंने बताया कि मालपुर पुल के शिलान्यास के समय नदी की टूटती धार से उपजी चिंता के परिणाम स्वरूप माँ नर्मदा के संरक्षण और संवर्धन के लिए यह अभियान आरम्भ हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज डिण्डोरी जिले के कनेरी ग्राम में 'नमामि देवि नर्मदे'-सेवा यात्रा के जन-संवाद को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि माँ नर्मदा के जल का स्त्रोत ग्लेशियर नहीं अपितु वृक्षों से मिलने वाला जल है। इसी के मद्देनजर 2 जुलाई को अमरकंटक से अलीराजपुर तक एक साथ 6 करोड़ पेड़ लगाकर नर्मदा माँ के जीवन स्त्रोत को संवर्धित किया जायेगा। फलदार वृक्षों के साथ-साथ पानी रोकने वाले पेड़ जैसे पीपल, नीम, महुआ आदि भी लगाये जायेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि तेन्दूपत्ता तोड़ने वालों की सुविधा की दृष्टि से पहनने के लिए जूते और पानी की कुप्पी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि वनोंपज का सही मूल्य मिले यह सुनिश्चित करने के लिए महुआ फूल और महुआ की गुल्ली का मूल्य 30 रू. प्रति किलो तथा अचार गुठली का मूल्य 100 रू. प्रति किलो निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जन-संवाद में उपस्थित लोगों को माँ नर्मदा के संरक्षण, संवर्धन, वृक्षारोपण, स्वच्छता, प्रदूषण की रोकथाम, जैविक खेती को प्रोत्‍साहित करने, नशामुक्ति तथा निर्मलता बनाये रखने के लिए निरन्तर प्रयासरत रहने की शपथ दिलाई।

जन-संवाद में केन्द्रीय जल-संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री सुश्री उमा भारती ने कहा कि लंबित सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने से प्रदेश के सिंचाई क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। यह वृद्धि ही प्रदेश की विकास दर में लम्बी छलांग का आधार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान की यह पहल देश के लिए रोल मॉडल है। इस पहल का अनुसरण करते हुए केन्द्र सरकार ने देश की लंबित 99 सिचांई परियोजनाओं को चिन्हित कर उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने का अभियान आरम्भ किया है। इससे देश को एक करोड़ हेक्टेयर सिचिंत भूमि उपलब्ध होगी।

नर्मदा सेवा यात्रा मुख्यमंत्री श्री चौहान का ऋषि स्वरूप

सुश्री उमा भारती ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए समाज के साथ मिलकर आरम्भ की गई नर्मदा सेवा-यात्रा मुख्यमंत्री श्री चौहान के ऋषि स्वरूप को प्रकट करती है। विकास की प्रक्रिया में हो रही नदियों की अनदेखी को रोकने और नर्मदा के स्वरूप को आगामी कई वर्षों तक अक्षुण्ण रखने में यह अभियान महत्वपूर्ण नदियों के लिए अनुकरणीय सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी का जल और गौ दुग्ध की धार ही मध्यप्रदेश की समृद्धि का आधार बनेंगे। सुश्री भारती ने जल-संरक्षण के प्रयासों में संत समाज के सहयोग के लिए उनका आभार माना। सुश्री भारती ने गंगा सफाई अभियान मे मुख्यमंत्री श्री चौहान को कार सेवा के लिए आमंत्रित किया।

इसके पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान तथा केन्द्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने आज कनेरी ग्राम में नर्मदा सेवा-यात्रा के दौरान कोसमघाट पर माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना की। कनेरी आगमन पर मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री की अगवानी में ग्रामीणों ने सैला, करमा और गुदुम लोकनृत्य प्रस्तुत किया। मयूर पंख की कलगी लगाकर अतिथियों का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर खाद्य-नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे, अध्यक्ष मध्यप्रदेश रोजगार निर्माण बोर्ड श्री हेमन्त विनय राव देशमुख, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्याति प्रकाश धुर्वे, जन अभियान परिषद के जिला संयोजक श्री जयसिंह मरावी, साध्वी प्रज्ञा भारती, डॉ. जितेन्द्र जामदार, डॉ. सुनील जैन सहित जन-प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में नर्मदा सेवा यात्री और ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Share This News :