Homeअपना मध्यप्रदेश,
महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा महात्मा गांधी का पुण्य-स्मरण
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को अपनाकर जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। विश्व का कल्याण राष्ट्र पिता महात्मा गांधी द्वारा बताये गये मार्ग पर चलकर भी हो सकता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ गांधी भवन में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांधी जयंती पर राष्ट्र पिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राष्ट्र पिता महात्मा गांधी ने दुनिया को एक वैकल्पिक दर्शन दिया था। स्वतंत्रता की लड़ाई में सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा आंदोलन जैसे अनूठे प्रयोग किये थे। मानवता को शाश्वत शांति का पथ दिखाया। वे अपने आचरण से सिखाते थे। उन्होंने कहा कि हर प्रदेशवासी एक काम ऐसा जरूर करे जिससे गरीब और पीड़ितों की सेवा हो। यही गांधी जी के प्रति सच्ची आदरांजलि होगी। उन्होंने आचरण में शुद्धता और जीवन में प्रमाणिकता लाने का संकल्प दिलाया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस मौके पर गांधी भवन न्यास द्वारा आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, गांधी जी के जीवन के प्रेरक प्रसंग, प्रिय भजन और देश भक्ति समूह गान के विजेता विद्यार्थियों और संस्थाओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने गांधी जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर गांधी भवन परिसर में वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम में सांसद श्री आलोक संजर और पूर्व मुख्य सचिव श्री एस.सी. बैहार सहित नागरिक उपस्थित थे।

Share This News :