Homeप्रमुख खबरे,खास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
किसान नशे, गरीबी और बीमारी के कारण आत्महत्या कर रहे : भार्गव

भोपाल.मप्र सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने सदन में कहा कि विपक्ष किसानों की आत्महत्याओं पर बात कर रहा है, वह बताए कि कितने किसानों के यहां सुसाइड नोट मिला है। किसी की वीडियो क्लिपिंग है? ज्यादातर मौतें घर के झगड़े, पारिवारिक विवाद व बीमारी से होती हैं। इससे यह न माना जाए कि आत्महत्या करने वाले किसान कर्जदार थे। कई लोगों के यहां पर्याप्त राशि मिली है। भार्गव ने सदन में 120 आत्महत्याओं का एक आंकड़ा भी पेश किया कि सिर्फ 6 किसानों पर कर्ज था। गरीबी के कारण 12, नशे से 37, बीमारी से 68, पारिवारिक कलह से 51 और अन्य कारणों से 20 मौतें हुई हैं।
 
कर्ज में डूबे किसानों पर गोली चलवा रही सरकार : कांग्रेस
कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह ने कहा कि मंदसौर में छह निर्दोष किसानों की गोली मारकर हत्या की गई है। गोलीकांड के लिए सरकार दोषी है। पुलिस को गोली चलाने के आदेश कब और किसने दिए, यह भी स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर आनंद मंत्रालय का गठन कर रही है। असल में यह मंत्रालय सिर्फ राज्य के मंत्री आैर अधिकारियों के लिए है, किसानों के लिए नहीं। आठ महीने में आठ सौ से ज्यादा किसान और खेतिहर श्रमिक आत्महत्या कर चुके हैं। लगता है सरकार ने आनंद मंत्रालय इसलिए बनाया कि आनंदित होकर किसान आत्महत्या करें।

Share This News :