Homeदेश विदेश ,
मसूद अजहर बोला, जेहादियों के लिए रास्ता खोले पाक सरकार

पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर ने भारत को एक बार फिर धमकी दी है। मसूद ने पाकिस्तान सरकार से कहा है कि अगर उसे खुली छूट दी गई तो वह भारत की नाक में दम कर देगा। मसूद ने पाक सरकार से जेहादियों को खुली छूट देने की भी मांग की है।
मसूद ने कहा कि पाकिस्तान सरकार के ढुलमुल रवैए के चलते कश्मीर को अपने कब्जे में लेने का मौका हमारे हाथ से निकलता जा रहा है। मसूद अजहर का यह बयान जैश की साप्ताहिक मैगजीन 'अल कलाम' में छपा है। लेख में मसूद ने लिखा है कि अगर पाक सरकार जेहादियों के लिए रास्ता खोल दे तो कश्मीर की समस्या और भारत-पाक के बीच पानी के विवाद का हल तत्काल निकल सकता है। साथ ही 1971 के युद्ध में पाकिस्तान को मिली हार की दुखभरी यादों को 2016 में भुलाया जा सकता है।
बता दें कि यह वही अजहर मसूद है, जिस पर भारत ने उरी आतंकी हमले को अंजाम देने का आरोप लगाया है। 18 सितंबर को हुए इस आतंकी हमले में 19 भारतीय सेना के जवान शहीद हो गए थे।
भारत लंबे समय से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकी सूची में मसूद अजहर के नाम को शामिल किए जाने को लेकर प्रयास कर रहा है, लेकिन हर बार चीन ने वीटो पावर का इस्तेमाल करके भारत के प्रयासों पर पानी फेर दिया है।

Share This News :