Homeखास खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
ठगी के मास्टर माइंड की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस की ग्वालियर में दबिश

ग्वालियर। 90 लाख रुपए की ठगी के मास्टर माइंड अर्जुन सिंह की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस ने रविवार सुबह ग्वालियर में दबिश दी। नागपुर की क्राइम ब्रांच की टीम ने गोला का मंदिर के पिंटो पार्क स्थित शिव कॉलोनी में दबिश दी पर ठग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस की टीम शिव कॉलोनी में मकान नंबर-55 को तलाशते हुए एक घंटे परेशान हुई। इसके बाद गिरोह के अन्य साथियों की तलाश में जयपुर के लिए निकल गई। बारिश के बीच हुई पुलिस की दबिश से शिव कॉलोनी के लोग भी दहशत में नजर आए।

शनिवार रात नागपुर, महाराष्ट्र की क्राइम ब्रांच की टीम 8 से 10 सदस्यों के साथ ग्वालियर पहुंची। क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार सुबह गोला का मंदिर थाना पहुंचकर शिव कॉलोनी में मकान नंबर-55 निवासी अर्जुन सिंह के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद गोला का मंदिर थाना पुलिस को साथ लेकर पुलिस टीम पिंटो पार्क शिव कॉलोनी पहुंची। यहां योजना बनाकर दबिश दी, लेकिन जिस मकान को पुलिस 55 नंबर समझकर दबिश दे रही थी वह कुछ और ही निकला।

इसके बाद पुलिस एक घंटे तक 55 नंबर मकान की तलाश करती रही। न तो पुलिस को यह मकान मिला न ही अर्जुन सिंह। इसके बाद पुलिस नाम पता गोला का मंदिर पुलिस को नोट कराकर जयपुर के लिए रवाना हो गई है। अर्जुन सिंह के कुछ साथियों के वहां होने की सूचना है।

Share This News :