Homeअपना मध्यप्रदेश,
इंदौर-उज्जैन समेत बड़े शहरों में बन सकेंगी 40 मंजिला इमारतें

भोपाल। 

प्रदेश के बड़े शहरों में जल्द ही 30 से 40 मंजिला इमारतों का निर्माण संभव हो सकेगा। खासकर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में प्रस्तावित स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में इस तरह की हाइराइज बिल्डिंग्स बन सकेंगी।

नगरीय प्रशासन संचालनालय ने प्रदेश में बहुमंजिला निर्माण को बढ़ावा देने के लिए नई ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट प्लान (टीओडी) नीति तैयार की है। इसके तहत स्मार्ट सिटी के अलावा शहरों के नए विकसित होने वाले इलाकों में निर्माण के अधिकार में छूट मिलेगी। तीस मीटर से ज्यादा चौड़ी सड़कों के आसपास लोग मौजूदा एफएआर(फ्लोर एरिया रेशियो) से ज्यादा का उपयोग कर सकेंगे। इसमें लोगों को अपने प्लॉट एरिया के अधिकतम तीन गुना तक निर्माण का अधिकार मिलेगा। फिलहाल मौजूदा एफएआर की सीमा 1.75 गुना है।

कंसल्टेंट ने सौंपी रिपोर्ट

 

नगरीय प्रशासन संचालनालय ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में टीओडी प्लान बनाने

के लिए इंदौर की मेहता एंड मेहता एसोसिएट कंपनी को कंसल्टेंट नियुक्त किया था। उसने पांचों शहरों की रिपोर्ट विभाग को सौंप दी है। संचालनालय ने कंसल्टेंट की सिफारिश मानते हुए ज्यादा निर्माण के लिए एफएआर तीन रखने का फैसला लिया है। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही शहरों के मास्टर प्लानों में संशोधन कर कुछ क्षेत्रों को टीओडी के लिए खोला जाएगा। फिलहाल प्रदेश में सबसे ऊंची 22 मंजिला इमारत भोपाल में बन रही है।

यह है रिपोर्ट में

 

शहर के वर्टिकल विकास को प्रस्तावित करते हुए नए कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं। यहां ऊंची इमारतों के लिए विदेशों की तर्ज पर बिल्ड अप एरिया बढ़ाया जाएगा। साथ ही तेजी से आवागमन के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट के नए तरीके प्रस्तावित किए गए हैं। टीओडी के तहत शहर का विस्तार होरिजोंटल (क्षितिज) न कर वर्टिकल (उद्धर्वाधर) प्रस्तावित किया जाता है।

ऐसे समझें तीन एफएआर

 

यदि आपके पास 60 मीटर चौड़ी रोड पर 10 हजार वर्गफीट का प्लॉट है तो आपको तीन एफएआर में 30 हजार वर्गफुट तक का निर्माण अधिकार मिल सकता है। प्लॉट के 30 फीसदी एरिया में ही निर्माण हो सकता है। यानी कि पहली मंजिल में 3 हजार वर्गफुट का निर्माण संभव है। पूरे 30 हजार वर्गफुट निर्माण करने के लिए आपको दस मंजिला इमारत बना सकते हैं। इसी तरह यदि आपके पास यदि ज्यादा जमीन है तो 40 मंजिला इमारत भी बनाई जा सकती है।

Share This News :