Homeराज्यो से ,खास खबरे,slider news,
राजधानी एक्सप्रेस में 7 लाख के जेवर और 83 हजार नकदी की चोरी

 à¤¨à¤ˆ दिल्ली से बिलासपुर आने वाली राजधानी एक्सप्रेस में रविवार तड़के चोरों ने एक कोच से दो महिलाओं के बैग और पर्स पार कर दिए। इनमें करीब 83 हजार रुपए नकद और सात लाख के जेवर थे। दूसरे कोच में भी चोरी हुई। चोरी इटारसी और नागपुर के बीच हुई। महिलाओं ने कोच अटेंडर के भाई पर आरोप लगाया है। रायपुर जीआरपी में मुकदमा दर्ज किया गया है। अटेंडर और एक अन्य संदेही को नागपुर जीआरपी ने रायपुर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

राजधानी एक्सप्रेस नं. 12235 के एसी-टू में बर्थ नंबर 39 पर अपनी पांच साल की बिटिया शिवी के साथ रायपुर दुर्गा चौक रवि नगर निवासी रुचि शुक्ला सफर कर रही थीं। बर्थ नंबर 38 पर बिलासपुर निवासी महिला कुसुम सोमाणी सोई हुई थीं। वे दिल्ली से आ रही थीं। उनकी नींद नागपुर स्टेशन के बाद खुली तो पर्स-बैग गायब पाया।

रुचि के पर्स में 50 हजार नकद और 7 लाख रुपए के जेवर थे। बिलासपुर निवासी महिला के पर्स में 20 हजार रुपए थे, वह भी गायब था। तीसरी वारदात ए-4 कोच की है। 13 व 15 नंबर की बर्थ पर दिल्ली से बिलासपुर के लिए अपने साथी के साथ यात्रा कर रहे जमनीपाली एनटीपीसी कोरबा निवासी कुलदीप सिंह यादव पिता आरसी यादव का 13 हजार 400 रुपए का कीमती मोबाइल चोरी हो गया। यह घटना भी नागपुर स्टेशन की है। चोरी का पता चलते ही बोगी में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने हंगामा मचाया तथा चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और नागपुर जीआरपी को सूचना दी। 

पीड़िता ने अटेंडर को दबोचा

पीड़िता रुचि ने कोच अटेंडर अभिलाष कुमार को दबोच लिया, यह आरोप लगाते हुए कि उसका एक परिचित नई दिल्ली से बिना बैग के सवार हुआ था और घटना को अंजाम देकर नागपुर स्टेशन में उतर गया। जब वह उतरा तो उसके हाथ में बैग था। पीड़ित महिलाओं ने एक्सप्रेस फूड सर्विस के इंचार्ज इम्तियाज खान और कैटरिंग के इंचार्ज पवन के सामने अभिषेक को पेश किया। जिला बिजनौर ककरला निवासी कोच अटेंडर अभिलाष कुमार ने कड़ाई से पूछताछ में बताया कि उसके भाई सुखबीर को नागपुर तक जाना था, लेकिन उसने चोरी नहीं की। अभिलाष और एक अन्य संदेही को पकड़कर सीे जीआरपी थाना रायपुर लाया गया, जहां रुचि ने केस दर्ज कराया। बिलासपुर की महिला ने बिलासपुर जीआरपी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। 

बाथरूम में मिले पर्स

बताया गया है कि दोनों महिलाओं के पर्स कोच के बाथरूम में खाली पड़े मिले। कोच अटेंडर के भाई ने बिना टिकट सफर किया। वह भी दूसरी ट्रेन में अटेंडर काम काम करता है। 

अमेरिका में होने वाले हैं शिफ्ट, इसलिए लेकर आई जेवर

रुचि के पति मयंक शुक्ला फरीदाबाद में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनका ट्रांसफर अमेरिका हो गया है। पीड़िता के मुताबिक इसीलिए दिल्ली से नकदी और जेवर लेकर वह अपने घर रायपुर आ रही थीं, ताकि यहां बैंक के लॉकर में जमा करा सकें।

Share This News :