Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
पाक ने फिर दी गीदड़ भभकी, 'सिंधु जल संधि का उल्लंघन किया तो करेंगे कार्रवाई'

पाकिस्तान ने आज भारत को सिंधु जल संधि के उल्लंघन की स्थिति में उचित कार्रवाई की चेतावनी दी और कहा कि वह स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने कहा कि भारत द्वारा किसी भी तरह के उल्लंघन की स्थिति में उचित कार्रवाई की जायेगी।
रेडियो पाकिस्तान के अनुसार जकारिया ने कहा कि पाकिस्तान स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। जकारिया की टिप्पणी उन खबरों के बीच आई है, जिसमें कहा गया है कि भारत 56 वर्ष पुरानी सिंधु जल संधि की समीक्षा कर सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत कश्मीर में किये जा रहे ‘अत्याचार और मानवाधिकार उल्लंघनों’ से ध्यान हटाने के लिए ऐसी कोशिश कर रहा है। जकारिया ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर में भारत की ज्यादतियों को दुनिया के मंचों पर उठाता रहा है, जिसका ‘बहुत ठोस परिणाम’ भी देखने को मिला है लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति को लेकर अब भी चिंतित है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि भारत ने इस वर्ष अब तक नियंत्रण रेखा पर 90 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। जकारिया ने कहा कि पाकिस्तान को अलग-थलग करने का विचार हास्यास्पद है। उन्होंने साथ ही कहा कि भारत के नकारात्मक रवैये की पोल खुल गयी है जो क्षेत्रीय विकास और उन्नति के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा रही है।

Share This News :