Homeअपना मध्यप्रदेश,
मुख्यमंत्री इंदौर के तीन दिवसीय प्रवास पर

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान तीन दिन इंदौर प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के साथ नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया, उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल सहित अन्य मंत्रीगण और मुख्य सचिव एन्टोनी डिसा भी इंदौर जायेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान 21 अक्टूबर को पूर्वान्ह में राजकीय विमान से इंदौर जाकर 1980 करोड़ रूपये की लागत से बड़ा बांगड़दा, नया बसेरा में बनाए जा रहे 23 हजार आवासों का भूमि-पूजन करेंगे। इंदौर नगर निगम द्वारा इन आवासों का निर्माण 'प्रधानमंत्री आवास योजना' में सबके लिए आवास 2022 मिशन में किया जा रहा है। मुख्यमंत्री दोपहर में सुपर कॉरिडोर स्थित विजयश्री पैकेजिंग प्रायवेट लिमिटेड का उदघाटन करेंगे। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ग्लोबल इन्वेस्टर समिट स्थल ब्रिलियंट कन्वेंशन हॉल के समीप दोपहर 12.30 बजे प्रदेश की विकास गतिविधियों पर आधारित 'मेक इन एम.पी.' प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री अपराह्न 3 बजे खण्डवा रोड पर एकेव्हीएन द्वारा बनाये जा रहे क्रिस्टल आईटी पार्क का भूमि-पूजन करने के बाद होटल रेडिसन में सी.आय.आय. की नेशनल कान्फ्रेंस में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री रात्रि में अम्बर कन्वेंशन सेंटर में 'ग्लोबल सीईओ कॉनक्लेव 2016' में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम इंदौर में करेंगे। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान 22 अक्टूबर 2016 को प्रात: 10 बजे से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेन्टर हॉल में दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के शुभारंभ में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री 22 अक्टूबर को समिट में पूरे समय उपस्थित रहकर आने वाले निवेशकों, विदेशी मेहमानों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री 22 अक्टूबर को भी इंदौर में ही रात्रि विश्राम करेंगे। समिट के अंतिम दिन 23 अक्टूबर को भी मुख्यमंत्री श्री चौहान उपस्थित रहेंगे। 

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और मुख्य सचिव श्री एन्टोनी डिसा का केम्प ऑफिस भी 'ब्रिलियंट कन्वेंशन हॉल' में ही बनाया गया है। इस दौरान निवेशकों की समस्याओं और अन्य तैयारियों के विषय में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।  

प्रदेश के एक दर्जन मंत्री भी निवेशकों को करेंगे मोटिवेट

ग्लोबल समिट के दौरान प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता, वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया, प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह, ऊर्जा मंत्री श्री पारस जैन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्य मंत्री श्री संजय-सत्येन्द्र पाठक और खाद्य प्र-संस्करण एवं उद्यानिकी राज्य मंत्री श्री सूर्यप्रकाश मीणा भी उपस्थित रहेंगे। 

Share This News :