Homeप्रमुख खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
मूंग दाल की खरीदी के लिये प्रदेश में 50 खरीदी केन्द्र खोले गये

अब तक 14 हजार 500 मीट्रिक टन मूंग दाल की खरीदी
राज्य शासन ने किसानों को दलहन फसलों, विशेषकर मूंग दाल उत्पादन का वाजिब मूल्य दिलवाने के लिये 50 खरीदी केन्द्र स्थापित किये हैं। इन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर अभी तक 14 हजार 500 मीट्रिक टन मूंग दाल की खरीदी की जा चुकी है।

मूंग दाल उत्पादन क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिये भारतीय खाद्य निगम ने टिमरनी, हरदा, खिरकिया, बानापुरा, इटारसी, गोटेगाँव, कोलारस, टीकमगढ़, गाडरवारा, नागौद, दतिया, उदयपुरा, इंदौर, सतना और श्योपुर में खरीदी केन्द्र स्थापित किये हैं। इसी तरह स्मॉल फार्मर्स बिजनेस कंसोर्टियम ने भी खरीदी केन्द्र खोले हैं। यह केन्द्र सिरोंज, करेली, नरसिंहपुर और नागौद में खोले गये हैं। नाफेड ने पिपरिया, जबलपुर, नसरुल्लागंज, गंजबासौदा, कटनी, अशोकनगर, सिहोरा, गुना, नीमच, बनखेड़ी और विदिशा में समर्थन मूल्य के खरीदी केन्द्र स्थापित किये हैं।

समर्थन मूल्य पर स्थापित इन 30 केन्द्र के अलावा खातेगाँव, बेगमगंज, सिलारी, अलीराजपुर, हरसूद, तेंदूखेड़ा, मुंगावली, पाटन, बदरवास, राजगढ़, आरोन, रेहारी, शहपुरा-भिटोनी, जोबट, सिंगरौली, खरगापुर, डबरा, लटेरी, जीरापुर और खण्डवा में भी खरीदी केन्द्र संचालित किये जायेंगे।

मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने अपने सभी अधिकारी को केन्द्र शासन की योजना में समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी का कार्य भारतीय खाद्य निगम, नाफेड एवं एसएफएसी के जरिये मण्डी प्रांगण में करवाने के निर्देश दिये हैं। निर्देश में कहा गया है कि मण्डी प्रांगण में बैनर लगाकर और लाउड-स्पीकर से किसानों को मूंग दाल की समर्थन मूल्य पर खरीदी से निरंतर अवगत करवाया जाये। किसानों को यह समझाइश भी दी जाये कि वे अधिसूचित कृषि जिंस को साफ कर अगर मण्डी प्रांगण में लायेंगे, तो उन्हें समर्थन मूल्य के साथ-साथ अधिक प्रतिस्पर्धात्मक मूल्य प्राप्त होगा।

Share This News :