Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,
सीबीआई 10 आरोपियों के दस्तावेज लेकर पहुंची, कोर्ट ने लौटाए

ग्वालियर। सीबीआई बुधवार को विशेष सत्र न्यायालय में पीएमटी कांड के 10 आरोपियों के दस्तावेज व फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की रिपोर्ट लेकर पहुंची, लेकिन कोर्ट ने दस्तावेजों को यह कहते हुए लौटा दिया कि एक साथ आरोपियों के दस्तावेज पेश करें। 28 नवंबर तक का समय दिया है।

मध्यप्रदेश बनाम चांद खां (अपराध क्रमांक 138) के केस में 153 आरोपियों को शामिल किया गया है। इस केस की ट्रायल विशेष सत्र न्यायाधीश सतीशचन्द्र शर्मा की कोर्ट में चल रही है। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने सीबीआई को चेतावनी देते हुए दस्तावेज व रिपोर्ट पेश करने के लिए 1 माह का समय दिया था। जांच अधिकारी डीएस सेंगर बुधवार को 10 आरोपियों की रिपोर्ट व मूल दस्तावेज लेकर कोर्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि लैब से 10 आरोपियों की रिपोर्ट आ गई है, जिन्हें पेश किया जा रहा है। शेष आरोपियों के दस्तावेज जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट पेश करने के लिए समय दिया जाए। कोर्ट ने सभी रिपोर्ट को लौटा दिया और एक साथ पेश करने का आदेश दिया है। सीबीआई की ओर से पैरवी बीके कुलश्रेष्ठ ने की।

आरोप तय नहीं हो पा रहे

मध्यप्रदेश बनाम चांद खां केस का चालान एसआईटी ने पेश किया था। चालान के साथ कोई दस्तावेज नहीं लगा है, जिसके चलते आरोपियों पर आरोप तय नहीं हो पा रहे हैं। 24 सितंबर 2014 को पहली बार इस केस की सुनवाई हुई थी और कोर्ट लगातार दस्तावेज पेश करने के निर्देश दे रहा है। अपराध क्रमांक 138 में 153 आरोपी बनाए गए हैं।

-हैंडराइटिंग एक्सपर्ट, थंब इंप्रेशन रिपोर्ट, फोटो मिस मैच की रिपोर्ट सीबीआई को पेश करनी है। इसके बाद ही आरोप तय हो सकेंगे।

- सीबीआई अबतक 8 आरोपियों के दस्तावेज पेश कर चुकी है, जिन्हें कोर्ट के रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित कर दिया।

Share This News :