Homeदेश विदेश ,
परवेज मुशर्रफ ने भी मसूद अजहर को माना आतंकी

पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ ने जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को आतंकवादी करार देते हुए कहा कि वह उनके देश में भी बम विस्फोटों में शामिल रहा है। हालांकि उन्होंने साफ जवाब नहीं दिया कि पाकिस्तान क्यों चीन से अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने के लिए नहीं कह रहा है?
मुशर्रफ ने टीवी चैनल से कहा कि चीन को क्यों शामिल किया जाए जब उसका अजहर से कुछ मतलब नहीं है? अजहर को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव लंबित है लेकिन चीन इसमें यह दावा करते हुए अड़चन डाल रहा कि उसे आतंकवादी साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं है।
दिल्ली में उजागर हुए जासूसी के एक मामले जिसमें पाकिस्तान उच्च आयोग का एक कर्मचारी शामिल है, इस बारे में पूछे जाने पर पाकिस्तान के पूर्व सैन्य प्रमुख ने आरंभ में इसे नजरअंदाज करते हुए कहा कि मैं इससे अवगत नहीं हूं। लेकिन साथ में जोड़ा अगर ऐसा है तो बढ़ावा नहीं देना चाहिए।

Share This News :