Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,slider news,
ग्वालियर अब तेजी से स्मार्ट सिटी का रूप लेगा: तोमर

ग्वालियर। ग्वालियर शहर अब तेजी से स्मार्ट सिटी का रूप लेगा। शहर में स्मार्ट
सिटी परियोजना के तहत 9 स्मार्ट कार्य जुडऩे जा रहे हैं। केन्द्रीय पंचायतीराज एवं
ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में लगभग 49 करोड़ 65 लाख लागत के
इन कार्यों का शनिवार की देर शाम शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम की
अध्यक्षता नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने की। श्री तोमर ने इस अवसर पर
कहा खुशी की बात है कि मौलिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ ग्वालियर तेजी से स्मार्ट
सिटी का रूप ले रहा है।
यहाँ थीम रोड कटोराताल के समीप शनिवार की देर शाम आयोजित हुए कार्यक्रम में नवीन
एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह तथा महापौर विवेक नारायण
शेजवलकर बतौर विशिष्ट अतिथि मंचासीन थे। जिन स्मार्ट कार्यों का शिलान्यास हुआ उनमें
वन सिटी वन एप, वीर सावरकर सरोवर (कटोराताल) व शिवाजी पार्क का सौंदर्यीकरण
व जीर्णोद्धार, सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की स्थापना, सौर ऊर्जा कार्य,
सार्वजनिक साइकिल व्यवस्था, स्मार्ट संकेतक, टाउन हॉल सौंदर्यीकरण, स्मार्ट सिटी
कमाण्ड कंट्रोल सेंटर व रेन वाटर हार्वेस्टिंग इत्यादि कार्य शामिल हैं।
केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना
के तहत लगभग ढ़ाई हजार करोड़ रूपए लागत के विकास कार्य होंगे। साथ ही अमृत योजना के तहत
लगभग 600 करोड़ की लागत से शहर की सीवर एवं पेयजल समस्या का स्थाई निदान किया जा
रहा है। शहर की दीर्घकालिक पेयजल आपूर्ति के लिए भारत सरकार ने चंबल प्रोजेक्ट
को सैद्धांतिक सहमति दे दी है। उन्होंने कहा जल्द ही इसकी डीपीआर प्रस्तुत होगी।
श्री तोमर ने शहरवासियों से स्मार्ट बनने का आहवान करते हुए कहा कि केवल
अधोसंरचना के निर्माण से ही हम शहर को स्मार्ट नहीं बना सकते। इसके लिए हर नागरिक
को स्मार्ट बनना होगा और शहर को स्मार्ट बनाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग
भी देना होगा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद पार्षदगणों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे
स्मार्ट सिटी के लिए जागरूकता अभियान चलाएं।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा स्मार्ट सिटी के तहत शहरवासियों
को आधुनिकतम तकनीक से युक्त सेवायें मिलेंगीं। साथ ही उच्च कोटि की जीवन शैली भी मुहैया
होगी।
महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि ग्वालियर शहर अब तेजी के साथ आधुनिक
शहर बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर को स्मार्ट बनाने में
ग्वालियर स्मार्ट सिटी डवलपमेंट कंपनी को नगर निगम और शहर के नागरिकों का
पूरा सहयोग मिलेगा। श्री शेजवलकर ने ग्वालियर को स्मार्ट सिटी में शामिल करने
के लिये प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद जाहिर किया। आरंभ में अतिथियों ने पट्टिकाओं का
अनावरण कर स्मार्ट विकास कार्यों का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। यह सभी कार्य
ग्वालियर स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन द्वारा अंजाम दिए जायेंगे। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विख्यात नृत्यांगना सुश्री पद्मजा शंकर को
अतिथियों ने शॉल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
इनकी रही मौजूदगी: स्मार्ट सिटी के विकास कार्यों के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम
में विधायक भारत सिंह कुशवाह, अध्यक्ष ग्वालियर विकास प्राधिकरण अभय चौधरी, अध्यक्ष,
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण राकेश जादौन, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य डॉ. ए.
एस. भल्ला, सदस्य, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रमिला वाजपेयी, राज्य सफाई कर्मचारी
आयोग के सदस्य पप्पू बड़ौनी, नगर निगम के सभापति राकेश माहौर, देवेश शर्मा एवं
नगर निगम की एमआईसी के सदस्यगण बतौर विशिष्ठ अतिथि मंचासीन थे। साथ ही कलेक्टर
राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा भी मंचासीन थे। स्वागत उदबोधन स्मार्ट सिटी के
सीईओ महिप तेजस्वी ने दिया। कार्यक्रम के अंत में कार्यपालन यंत्री बलवीर सिंह सिकरवार
ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This News :