Homeदेश विदेश ,
बड़े नोट के संदेह में दिल्ली, मुंबई समेत कई शहरों में आईटी का छापा

आयकर विभाग ने गुरूवार को दिल्ली, मुंबई समेत कई अन्य शहरों में बंद किए जा चुके 500 और हजार के नोटों को अवैध तरीके से बदलने और टैक्स बचाने की शिकायतों पर छापेमारी की। राष्ट्रीय राजधानी समेत सभी शहरों में शाम को अचानक छापेमारी शुरू की गई।

विभाग के अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली में करोल बाग, दरीबा कला और चांदनी चौक की चर्चित बाजार छापेमारी की गई। इसी दौरान मुंबई, चंडीगढ़ और लुधियाना में विभिन्न क्षेत्रों में कर विभाग की टीमें पहुंची। इसी दौरान विभिन्न राज्यों के कर अधिकारियों की टीमें भी कई शहरों में सक्रिय रहीं।

सूत्रों के मुताबिक विभाग ने उन व्यापारियों, स्वर्णकारों, मुद्रा समाशोधन केंद्रों और हवाला डीलरों के खिलाफ छापेमारी की, जो कथित तौर पर बंद किए गए 500 और हजार के नोट बदलने का काम कर रहे थे। इसके लिए वह नोटों को कम कीमत पर लिया जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष सुशील चंद्रा ने कल संदिग्ध गतिविधियों की जांच करने और भारी तादाद में नगदी के हस्तांतरण पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए थे।

सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में स्वर्णकारों की दुकानों पर जाकर कर अधिकारियों ने उनकी बिल बुक पर अपनी मुहर लगा दी। ताकि वह पिछली तिथि से किसी को सोना नहीं बेच सके। साथ ही उनकी ओर से हाल ही में की गई बिक्री की भी जांच की गई। इसी तरह अन्य शहरों में भी कर विभाग की टीमें सक्रिय रहीं।

 

Share This News :