Homeदेश विदेश ,slider news,
सरकार का नया आदेश, अब एक दिन में 2500 और सप्ताह में 24000 रुपये निकाल सकेंगे

500 और 1000 के नोट बंद किए जाने के बाद लोगों की परेशानी का अंत होते नहीं दिख रहा है। आज यानि रविवार को भी बैंक खुले हुए हैं और बैंकों-एटीएम के बाहर जबरदस्त भीड़ है। लोग अलसुबह से ही बैंकों के बाहर लाइन में लग गए ताकि सुबह उनका नंबर जल्द आ सके। क्या हैं आज के हालात, जानिए लाइव अपडेट-
# नोट बंदी पर सरकार का नया फैसला, ATM से अब एक दिन में निकाल सकेंगे 2500, बदल सकेंगे 4500 रुपये। बैंक से अब हफ्ते भर में निकाल सकेंगे 24000 रुपये। पहले 20000 ही निकाल सकते थे। वित्त मंत्रालय की बैंकों को सलाह, पैसा जमा करने, निकालने की अलग कतार हो। दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी अलग से लाइन हो।
# नोटबंदी पर अलीगढ़ के लोगों का भी गुस्सा फूट पड़ा। रविवार दोपहर लोगों ने शहर विधायक हाजी जमीर उल्लाह के साथ डीएम आवास का घेराव किया। विधायक के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं के वहां ज्ञापन सौंपा।
# भोपाल में एक बैंक कर्मी की काम के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा कि सीनियर कैशियर पुरुषोत्तम व्यास को काम के दौरान घबराहट हुई। उसके बाद उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया। वहां हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।
# 500 के नए नोट भी जारी। 500 के नोटों को लेकर RBI ने दी विशेष जानकारी। 500 का नया नोट पुराने नोट से काफी अलग है। नये नोट का साइज 66mm x150 mm है। नये नोट का रंग 'स्टोन ग्रे' रंग है। नोट पर महात्मा गांधी और लाल किले सहित भारतीय झंडा अंकित है। नोट पर स्वच्छ भारत अभियान का संदेश भी है। दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट एसबीआई ब्रांच में सबसे पहले आबिद अली को 500 के नोट मिले।
# दिल्ली, मुंबई और भोपाल में आज से 500 रुपये के नए नोट लाए जा सकते हैं। एसबीआई के कुछ एटीएम में 500 के नए नोट डाले जा सकते हैं। वहीं पीएमओ और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों की दोपहर 3 बजे ताजा हालातों पर बैठक है। शाम को प्रधानमंत्री भी हालातों की समीक्षा कर सकते हैं।
# पश्चिम दिल्ली- आज रविवार को भी लोग रात 3 बजे से ही एटीएम लाइन में लगे थे। इसके बावजूद सुबह तक उनका नंबर नहीं आ पाया था। लोगों की नाराजगी बढ़ रही है। जिनको एटीएम से पैसे नहीं मिल रहे हैं वो बैंक पर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। बुज़ुर्ग और महिलाओं का कहना है कि एटीएम में भी वही हालत हैं। बैंक भी 3 बजे के बाद बंद हो जाते हैं। सरकार को ध्यान देना चाहिए।
# जयपुर- नोटबंदी का असर सब्जियों के बाजार पर जबरदस्त पड़ा है। जयपुर की ज्यादातर सब्जी मंडियों में सब्जी खरीदने वाले आम लोगों की तादाद पचास फीसदी से कम रह गई है। खरीदने आ भी रहे हैं तो खुले पैसे कम होने से सब्जी कम मात्रा में खरीद रहे हैं। या फिर पांच सौ के नोट से खरीद की कोशिश के चलते विवाद हो रहा है। मंडियों में सब्जियों की आवक घट गई है, लेकिन सब्जियों की कीमतों पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा है। जयपुर की श्यामनगर सब्जी मंडी में दुकानदार रविवार के दिन खाली बैठे हैं जबकि इस दिन मंडी में जबरदस्त भीड़ रहती है।
# गोवा में मोदी का भाषण- हमने एक बहुत बड़ा ऑपरेशन किया है। देश का सितारा चमकाने के लिए फैसला लिया है। इस योजना का सफल होना तय है। जनता योजना को सफल बनाने में जुटी है। मैंने सिर्फ 50 दिन मांगे हैं। गलती होने पर सजा भुगतने को तैयार हूं। जिन्हें राजनीति करनी है वो करें, जिनका लुट चुका है वो रोएं। मैं लोगों का दर्द समझता हूं। ये दर्द 50 दिन के लिए है। जब सफाई हो जाती है तो छोटा मोटा मच्छर भी नहीं आता है। आपके 500 रुपये में से दोस्तों एक भी नया पैसा कम नहीं होगा। आप अपना धन बैंक में जमा कर दीजिए। जो लोग यह कहते हैं कि आगे देखा जाएगा वह लोग मुझे पहचान लें। देश आज़ाद हुआ तब से लेकर अब तक का आपका कच्चा-चिट्ठा खोल दूंगा। यह सब धन अब कागज़ का टुकड़ा है। अब लोग मुझे समझ गए हैं। एक डोज ज्यादा आया तो समझ गए। यह एंड नहीं है, पूर्णविराम नहीं है। मेरे दिमाग में और भी प्रोजेक्ट चल रहे हैं। ये मैं देश के ईमानदार लोगों के लिए कर रहा हूं।
# जयपुर के न्यू सांगानेर रोड पर दो बैंकों के आगे आधी रात बाद ही कतारें लगनी शुरू हो गईं। करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन से सड़क पर यातायात के इंतजाम गड़बड़ा गए। पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। कई लोग छह घंटे से कतार में खड़े हैं। एटीएम काम नहीं कर रहे हैं और बैंक में बदलवाने के लिए इंतजार लंबा होता जा रहा है। एक पिता तो पिछले तीन दिन से परिवार समेत रोजाना कतार में लग रहा है, क्योंकि बेटी की शादी के लिए पैसा जुटाना है।

Share This News :