Homeदेश विदेश ,slider news,
रुपये के गिरते स्तर पर राहुल का तंज

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केंद्र की मोदी सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ते. राफेल डील पर कविता के जरिए प्रहार के बाद अब राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी को डॉलर के मुकाबले रुपये के गिरते स्तर पर कविता के माध्यम से घेरा है.

दरअसल बुधवार को रुपया अबतक के सबसे निचले स्तर डॉलर के मुकाबले 73.34 पर पहुंच गया. इसी मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए ट्वीट में लिखा:

रुपया गया 73 पार

महँगाई मचाए हाहाकार

तेल-गैस में लगी है आग

बाजार में मची भागम-भाग

ओ 56 इंच सीने वाले

कब तक चलेगा ‘साइलेंट मोड’

कहाँ है ‘अच्छे दिन का कोड’?

गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गांधी ने राफेल के मुद्दे पर ट्वीट में कविता लिखते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा था. राहुल ने ट्वीट में लिखा था:

मोदी-अंबानी का देखो खेल
HAL से छीन लिया राफेल

धन्नासेठों की कैसी भक्ति

घटा दिया सेना की शक्ति

जिस अफसर ने चोरी से रोका

ठगों के सरदार ने उसको ठोका

पिट्ठुओं को मिली शाबाशी

सेठों ने उड़ती चिड़िया फाँसी

जन-जन में फैल रही है सनसनी

मिलकर रोकेंगे लुटेरों की कंपनी

राहुल गांधी इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर अपने भाषणों में लगातार महंगाई, भ्रष्टाचार और अर्थव्यवस्था के हालात को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं. इस बार रुपये की गिरावट ने उन्हें एक और मौका दे दिया जब रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर चला गया.

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से डॉलर के मुकाबले रुपये में लगातार गिरावट के दर्ज की जा रही है. गिरते रुपये का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिख रहा है. इतिहास में पहली बार रुपए सबसे निचले स्तर पर है. इस साल रुपया अब तक 12 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है. बीते दिनों केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने रुपये के गिरते स्तर पर एक सवाल के जवाब में कहा था कि दरअसल रुपया कमजोर नहीं हो रहा बल्कि डॉलर मजबूत हो रहा है. इसलिए चिंता की कोई बात नहीं.

 

Share This News :