Homeमनोरंजन ,
महेश्वर-इंदौर में होगी 'दबंग-3' की शूटिंग 20 दिन शहर में रहेंगे सलमान और सोनाक्षी

इंदौर। अक्षय कुमार की चर्चित फिल्म 'पैडमैन' इंदौरी कलाकारों के लिए बॉलीवुड का बड़ा 'लांचिंग पैड' साबित हो रही है। महेश्वर में शूट हुई इस फिल्म में इंदौर के कलाकारों ने छोटे-बड़े करीब 40 किरदार निभाए थे। इसमें उनका काम देखकर कई बॉलीवुड निर्देशकों का इंदौर में शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं और कलाकारों को लेकर विश्वास बढ़ा है। इसी का नतीजा है कि अब सलमान खान स्टारर 'दबंग 3’ के अहम गीत समेत कुछ बेहद खास दृश्यों की शूटिंग भी महेश्वर और मांडव में की जाएगी। इसमें भी बड़ी संख्या में इंदौरी कलाकारों को मौका मिलेगा।

फिल्म कास्टिंग से जुड़ी अंजली जायसवाल के मुताबिक महेश्वर में फिल्म की शूटिंग 1 अप्रैल से शुरू होगी। इस दौरान सलमान खान, सोनाक्षी सिन्हा, अरबाज खान और मनोज पाहवा समेत फिल्म के तमाम मुख्य कलाकार भी मौजूद रहेंगे। फिलहाल महेश्वर और मांडव में शूटिंग के लिए करीब 20 दिन का शेड्यूल तय किया गया है। इसके लिए सलमान और सोनाक्षी भी 20 दिन तक इंदौर में ही रहेंगे।

फिल्म के लोकल लाइन प्रोड्यूसर हर्ष दवे ने बताया कि फिल्मकारों और कलाकारों को लोकेशंस फाइनल करने से लेकर परमिशन, लोकल आर्टिस्ट अरेंजमेंट, सिक्योरिटी समेत ज्यादातर सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मुहैया कराई जाएंगी। मुंबई से केवल मेगा बजट फिल्मों में यूज होने वाले महंगे कैमरे और एक्शन सींस के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले अत्याधुनिक सेफ्टी उपकरण जैसी कुछ चीजें ही मंगाई जा रही हैं।

फिल्म की स्थानीय टीम से जुड़े सतीश पंवार बताते हैं कि 'दबंग 3’ के लिए कुछ इंदौरी कलाकारों के ऑडिशंस हो गए हैं जबकि बाकी कलाकारों के ऑडिशन इंदौर और महेश्वर में होंगे। इनमें बेशक कुछ सीनियर कलाकार भी होंगे लेकिन अधिकांश नए और युवा कलाकारों को फिल्म में मौका दिया जाएगा। गौरतलब है कि 'दबंग 3’ फिल्म 'दबंग सीरिज' का तीसरा भाग है। इसमें फिल्म के मुख्य किरदार चुलबुल पांडे (सलमान खान) के अतीत की कहानी बताई जाएगी और ये भी बताया जाएगा कि चुलबुल की पर्सनालिटी ऐसी क्यों है? ये देखना भी रोचक होगा कि चुलबुल आगे क्या करनेवाला है?

Share This News :