Homeदेश विदेश ,slider news,
कल चेन्नई पहुंचेगा 'वरदा', तमिलनाडु भेजी गई NDRF की 7 टीमें, एयरफोर्स भी अलर्ट पर

चक्रवात 'वरदा' के कारण आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय इलाकों पर हाई अलर्ट जारी किया गया है. चक्रवाती तूफान फिलहाल आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से 820 किमी पूरब में स्थित है. सोमवार को इसके चेन्नई पहुंचे की आशंका है. चक्रवात 'वरदा' से निपटने के लिए तमिलनाडु में एनडीआरएफ की 7 और आंध्र प्रदेश में 6 टीमें भेजी गई हैं. वरदा से निपटने के लिए भारतीय वायु सेना को भी हाई अलर्ट कर दिया गया है.

तमिलनाडु में सोमवार को सार्वजनिक छुट्टी
चक्रवातीय तूफान वरदा से निपटने के लिए तमिलनाडु सरकार ने भी पूरी तैयारी कर ली है. मछुआरों से अगले 48 घंटे तक समुद्र में नहीं जाने को कहा गया है. वरदा के कारण तमिलनाडु सरकार ने प्रभावित इलाकों में सोमवार को सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा की है. इसके तहत स्कूल-कॉलेज और दफ्तर बंद रहेंगे.

आंध्र प्रदेश में अलर्ट
आंध्र प्रदेश में पिछले कुछ घंटों के दौरान यह तूफान 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से नेल्लोर की ओर बढ़ रहा है. अगले 24 घंटे के दौरान इसके और तीव्र होने की आशंका है. इसके चलते आंध्र प्रदेश सरकार ने नेल्लोर, प्रकाशम, गुंटूर और कृष्णा जिले की प्रशासनिक मशीनरी को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हाई अलर्ट कर दिया है.

चंद्रबाबू नायडू ने जरूरी निर्देश
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने खाद्य सामग्री का पर्याप्त भंडार बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. आपात स्थिति के लिए बिजली के खंभे और सीमेंट भी तैयार रखने को कहा गया है. आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से मछिलीपट्नम तटवर्ती प्रान्त पर निगरानी बढ़ा दी गई है.

दोनों राज्यों में भारी बारिश के आसार
इस चक्रवात के कारण चेन्नई सहित तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में भारी बारिश हो सकती है. क्षेत्रीय चक्रवात चेतावनी केंद्र के निदेशक एस बालचंद्रन ने चेन्नई में कहा कि वरदा आज सुबह साढ़े आठ बजे चेन्नई से करीब 440 किलोमीटर दूर केंद्रित था और इसके दक्षिण दिशा में बढ़ने तथा 12 दिसंबर को दोपहर तक चेन्नई पहुंचने की उम्मीद है. हालांकि, उम्मीद जताई गई है कि चेन्नई पहुंचने तक इसकी तीव्रता कम हो जाएगी.

Share This News :