Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,slider news,
व्यापारी को धमकाकर थाने बुलाने पर कांग्रेसियों ने घेरा थाना

मकान की दलाली के विवाद में व्यापारी दीपक गुप्ता को धमकाकर थाने बुलाना माधवगंज थाना प्रभारी विनय शर्मा को भारी पड़ गया। कांग्रेसियों ने सोमवार की शाम को थाना घेर लिया। विधायक सतीश सिकरवार, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डा. देवेंद्र शर्मा व रश्मि पवार शर्मा सहित कई कांग्रेसियों ने जमकर थाने पर हंगामा किया। मकान बेचने के लिए दलाली मांग रहे मोनू गोयल ने भी दावा किया कि वह भी भाजपा का कार्यकर्ता है। उसने भी कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को थाने बुला लिए। मात्र 68 हजार रुपये की दलाली को लेकर भाजपाई व कांग्रेसी आमने-सामने आ गए और दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी भी हुई। कांग्रेसी माधवगंज थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग पर अड़े थे। एएसपी सतेंद्र सिंह तोमर ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद सीएसपी आत्माराम शर्मा को जांच सौंप दी है। हंगामे के बाद टीआइ विनय शर्मा ने जांच में सहयोग करने की बात कहते हुए जांच पूरी होने तक थाने के कार्य से स्वयं को मुक्त कर लिया है। कांग्रेसियों का कहना है कि टीआइ को फोर्स लीव पर भेजा गया है।

Share This News :