Homeअपना शहर ,slider news,
मुख्यमंत्री करेंगे व्यापार मेले का शुभारंभ, मास्क लगाना होगा अनिवार्य

ग्वालियर-चंबल के व्यापारियों एवं मेले के अन्य कद्रदानों के लिए खुश खबरी है। ग्वालियर व्यापार मेले को अब जिला प्रशासन द्वारा हरी झंडी दिखा दी गई है। शनिवार को व्यापार मेला आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय में क्राइसेस मैनेजमेंट की बैठक आयोजित की गई। जिसमें मेला आयोजन को लेकर होने वाली विभिन्ना तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। कोरोना संबंधी नियमों का पालन हो इसके लिए भी क्राइसेस मैनेजमेंट समिति के सभी सदस्यों ने विचार रखे। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय हुआ कि 10 फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्वालियर आगमन पर मेले का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री का यदि जल्द आगमन होता है तो, 10 से पहले भी मेले का शुभारंभ किया जा सकता है। मेले में कोरोना से बचाव के लिए सभी सैलानियों एवं दुकानदारों का मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा। साथ ही मेले के सभी गेट पर सैनेटाइजेशन की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम द्वारा भी मेले में लगातार सैनेटाइजेश किया जाएगा। कोरोना नियमों का पालन हो इसके लिए 500 वालेंटियर्स लगाने की बात कलेक्टर ने कही, जिसके लिए स्व सहायता समूहों का इस्तेमाल करने पर विचार है। मेला आयोजन के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई क्राइसेस मैनेजमेंट की बैठक में पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, मदन कुशवाह, रामबरन सिंह गुर्जर, कैट के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र जैन, चैंबर के मानसेवी सचिव प्रवीण अग्रवाल, व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, एडीएम किशोर कान्याल, अपर कलेक्टर, रिंकेश वैश्य एवं मेला सचिव निरंजन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

मेला प्राधिकरण के नए सचिव ने संभाला प्रभार

 

 

ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के नए सचिव निरंजन श्रीवास्तव ने शनिवार को प्रभार संभाल लिया है। शनिवार दोपहर को वे मेला प्राधिकरण कार्यालय कामकाज के लिए पहुंचे। क्राइसेस की बैठक में भी वे शामिल हुए। मेले के पूर्व सचिव पीसी वर्मा को हटा दिया गया है।गौरतलब है कि हाल ही में परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया के पत्र का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा की थी। चर्चा में बीते 2 साल की तरह इस साल भी मेले में 50% आरटीओ छूट दिए जाने की बात रखी गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इसे लेकर सहमति जाहिर कर दी है। मेला प्राधिकरण एवं परिवहन विभाग ने भी मेले से वाहन खरीदने पर 50% आरटीओ का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। वाहन डीलरों ने भी क्षेत्रिय परिवहन कार्यालय में ट्रेड लायसेंस लेने के लिए संपर्क करना शुरू कर दिया है।

Share This News :