Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,slider news,
तेज रफ्तार कार बहकी, रेलिंग से टकराते हुए पुलिया से नीचे लटकी, घटना के समय कार में सवार थे तीन लोग

तेज रफ्तार कार अचानक बहकी और सड़क की एक फीट ऊंची बाउंड्री पार करते हुए पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए हवा में लटक गई। घटना सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात बिरला नगर पुलिया की है। हादसे के समय कार में 3 लोग सवार होने का पता लगा है। किस्मत से हादसा टल गया है और तीन जिंदगियां बच गई हैं। घटना के बाद कार में सवार लोगों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार को पुलिया से उतारकर निगरानी में ले लिया है। कार किसकी है और किस तरह हादसा हुआ यह पता लगाया जा रहा है।

हजीरा थाना क्षेत्र के बिरला नगर चौराहे के पास सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात 2 बजे तेज रफ्तार आ रही एक कार नंबर MP07MP-2972 जब चौराहे के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर लहराने लगी। जेसी मिल की दीवार से सटे नाले की एक फीट ऊंची बाउण्ड्री को फांदकर नाले को पार कर हवा में झूल गई। कार के तीन टायर हवा में थे और एक पहिया पुलिया की रेलिंग में अटका हुआ था। हादसा देखकर वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने कार में घायल सवार व अन्य को बाहर निकाला व एम्बुलेंस व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल के लिए ले गई। राहगीरों की माने तो कार में 3 लोग सवार थे। यदि रेलिंग से कार नहीं लटकती तो कार में नाले में गिरती और उसमें सवार लोगों की जान बचाना मुश्किल हो जाता। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंची और को पुलिया से हटाकर निगरानी में लिया है।

मनोज के नाम पर है कार

जब पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट पर लिखे नंबर को परिवहन विभाग से सर्च कराया तो कार अशोक कॉलोनी निवासी किसी मनोज पुत्र पंचम सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। अब पुलिस इस मनोज का पता लगा रही है। साथ ही अस्पताल में कहां घायलों को भर्ती किया गया है वो पता कर रही है।

रफ्तार में थी कार

पुलिस को कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय रात को कार काफी तेज रफ्तार में थी। फिर अचानक कार चला रहे युवक का नियंत्रण स्पीड से हटा और कार बहक गई। जिस कारण यह हादसा हुआ। एक पहिया रेलिंग में नहीं अटकता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

Share This News :