Homeअपना शहर ,slider news,
दमोह उपचुनाव से 5 दिन पहले BJP ने खेला मलैया कार्ड; सभाओं के लिए पूर्व मंत्री जयंत को हेलीकॉप्टर सुविधा, बेटे सिद्धार्थ को ....

भाजपा ने फिर अपने अंदाज में दमोह उपचुनाव की हवा बदलने की कोशिशें तेज कर दी हैं। चुनाव से ठीक पांच दिन पहले वहां जयंत मलैया कार्ड खेल दिया गया। जिनसे भितरघात का डर था, अब पार्टी ने उन्हें जीत के लिए खेवनहार मानकर जवाबदारी सौंप दी है। जयंत मलैया को दौरों और सभाओं के हेलिकॉप्टर सुविधा दी है, तो उनके बेटे सिद्धार्थ मलैया को दमोह शहर का पूरा प्रभार सौंप दिया है। उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस के लिए साख का चुनाव बन गया है। उधर, कांग्रेस ने कथावाचक रामसिया भारती को उतारा है। राम नाम के जरिए वोटर्स के बीच पहुंचने की प्लानिंग है।

पूर्व मंत्री पिता जयंत मलैया और बेटे सिद्धार्थ मलैया का वीडियो जारी कराए जा रहे हैं। मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट मांगा जा रहा है। भूपेंद्रसिंह और गोपाल भार्गव को पहले से ही उतारा जा चुका था, लेकिन अब जयंत मलैया परिवार को आगे किया गया है। भाजपा मतदाताओं को यह साफ मैसेज देना चाहती है कि मलैया परिवार भाजपा के साथ है। पार्टी की जीत दिलाने के लिए मैदान में खड़ा है। उपचुनाव में पूर्व मंत्री जयंत मलैया टिकट के दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए राहुल सिंह पर भरोसा जताया। इसी के चलते जयंत मलैया के समर्थकों में नाराजगी है। यह भितरघात में बदल सकती है।

यहां 17 अप्रैल को मतदान होना है। इसके पहले पार्टियां मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जुटी है।

Share This News :