Homeराज्यो से ,
लालची दूल्हे ने 14 दिन पहले तोड़ी शादी:,जाने क्यों

ग्वालियर .एक लालची लड़के ने शादी से ठीक 14 दिन पहले शादी तोड़ दी, क्योंकि उसे 2 लाख रुपए और कार चाहिए थी। लड़की का पिता गहने और बुलट दे रहा था। जब लड़के की मांग पूरी नहीं हुई, तो 6 जून को संदेश पहुंचा दिया। इस पर लड़की ने डबरा थाने में शिकायत की है। पुलिस ने होने वाले दूल्हे, उसके पिता व मां अन्य परिजन पर दहेज एक्ट के तहत FIR दर्ज कर ली है।

डबरा के करियावटी गांव निवासी चित्र सिंह ने अपनी बेटी मनीषा की सगाई बड़ी अकबाई निवासी अरविंद कुमार से तय की थी। बातचीत होने के बाद सभी बातें तय हो गई थीं। लड़के वालों ने कोई मांग भी नहीं की थी। सभी की सहमति से 20 जून को शादी तय हुई। शादी से पहले ही लड़की के पिता ने दहेज में देने के लिए बुलट बाइक भी खरीद ली। साथ ही, तैयारियां भी कर लीं, पर 6 जून को अचानक लड़की के पिता के पास अरविंद का कॉल आया। उसने पूछा- शादी में क्या-क्या दे रहे हो। जब उन्होंने बताया कि गहने, कपड़े व बुलट और गृहस्थी का सामान दे रहे हैं।

इस पर होने वाले दूल्हे ने कहा कि एक कार और 2 लाख रुपए नकद और जोड़ लेना। इस पर चित्र सिंह ने कहा कि वह हैसियत से ज्यादा दे चुके हैं। अब यह नई मांग पूरी नहीं कर सकते। अरविंद के परिजन से बातचीत की, लेकिन नतीजा नहीं निकला। इसके बाद रिश्तेदारों के साथ भी बातचीत की, लेकिन इस बार भी वह तैयार नहीं हुए और शादी तोड़ दी।

बेटी ने कहा- सबक सिखाना पड़ेगा

घटना के बाद चित्र सिंह की बेटी ने कहा कि ऐसे लोगों को सबक सिखाना चाहिए। डबरा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने अरविंद कुमार व उसके पिता प्रकाश, मां विमला, बहन सरोज और बहनोई बंटी के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Share This News :