Homeअपना शहर ,slider news,
नागरिक उड्डयन मंत्री बनते ही ज्योतिरादित्य को उनके शहर से ही मिला पहला मांग पत्र, सांसद ने मांग की ग्वालियर एयरपोर्ट का विस्तार जल्दी कराएं

केन्द्रीय नागरिक उड्‌डयन मंत्री बनने के साथ ही ज्योतिरादित्य सिंधिया को पहला मांग पत्र उनके ही अपने शहर ग्वालियर से मिला है। यह पत्र ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर ने लिखा है। उन्होंने सिंधिया को बधाई देने के साथ ही ग्वालियर हवाई अड्‌डे के विस्तार को लेकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

साथ ही विस्तार के लिए नवीन टर्मिनल निर्माण की बाधाओं को दूर तक शीघ्र काम पूरा कराने की मांग की है। अभी सिंधिया अन्य मंत्रियों को पत्र लिखकर विकास प्रोजेक्ट पूरे करने या तेजी चलाने की मांग करते थे। पर अब उनको खुद इस पत्र राजनीति का सामना करना पड़ेगा। पहला पत्र उनको बधाई के साथ उनके ही शहर से मिल गया है।

ग्वालियर हवाई अड्‌डे को केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट के नाम से ही जाना जाता है। इसके विस्तार के लिए खुद सिंधिया और ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर काफी समय से प्रयास कर रहे हैं। इसके विकास के लिए ग्वालियर सांसद ने पूर्व नागरिक उड्‌डयन मंत्री हरदीप पुरी को पत्र लिखा था। खुद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उनसे मुलाकात की थी। पर अब संयोग देखिए वही मंत्रालय केन्द्रीयमंत्री सिंधिया के पास है। अब उनके कंधों पर ग्वालियर एयरपोर्ट के विस्तार की पूरी जिम्मेदारी बनती है। नवीन टर्मिनल के निर्माण के बाद यहां आने वाले यात्रियों को इंदौर, भोपाल के एयरपोर्ट की तरह आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही देश के अन्य बड़े शहरों के लिए फ्लाइट्स भी बढ़ सकेंगी।

सांसद ग्वालियर ने यह लिखा पत्र

  • ग्वालियर सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने सिंधिया को लिखे पत्र में क्या लिखा है यह भी जान लेते हैं। देश के प्रधानमंत्री द्वारा आपको मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने के संबंध में हार्दिक बधाई। यह भी सुखद संयोग है कि आपको नागरिक उड्डयन विभाग का कार्यभार मिला है।
  • ग्‍वालियर हवाई अड्डे के टर्मिनल के विस्‍तार व पुर्ननिर्माण की प्रक्रिया के लिए प्रकरण गतिशील है। नवीन टर्मिनल के लिए वर्तमान टर्मिनल के निकट ही केन्‍द्र सरकार के उपक्रम आलू अनुसंधान केन्‍द्र की अतिरिक्‍त भूमि उपलब्‍ध है। एक दूसरा सुखद संयोग यह भी है कि इससे संबंधित कृषि मंत्रालय का जिम्‍मा केन्द्रीय मंत्री नरेन्‍द्र सिंह तोमर के पास है। वह भी इसी शहर के हैं। आपसे अनुरोध है नवीन टर्मिनल के निर्माण के लिए जल्द ही कार्यवाही करें जिससे इंदौर भोपाल की तर्ज पर यहां भी यात्रियों को आधुनिक सुविधायें उपलब्‍ध हो सकें।

Share This News :