Homeअपना शहर ,slider news,
SDO के दो ठिकानों पर EOW का छापा: 10 करोड़ से अधिक की संपत्ति का खुलासा

लोकनिर्माण विभाग में पदस्थ एसडीओ रविंद्र सिंह कुशवाह के दो ठिकानों पर शुक्रवार की सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) की दो टीमों ने छापा मारा। एक टीम झांसी रोड स्थित पारस विहार में बने कुशवाह के पुराने मकान पर पहुंची जो खाली मिला। दूसरी टीम सिटी सेंटर स्थित टाउनशिप में बने आलीशान बंगले पर पहुंची। जहां नकदी, जेवरात और वाहनों के साथ ही ग्वालियर, डबरा, भोपाल में कई फ्लैट, मकान, प्लाट के साथ-साथ कृषि भूमि सहित करोड़ोंं की संपत्ति से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए। इसके साथ ही अलग-अलग बैकोंं में संचालित खाते और लॉकर की जानकारी भी मिली है।

1991 में सब इंजीनियर की पोस्ट से भर्ती हुए कुशवाह की 30 साल की नौकरी में मोटे तौर पर वेतन-भत्तों के तौर पर अर्जित आय करीब 90 लाख रुपए होती है। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो के एक अधिकारी के मुताबिक एसडीओ के यहां से बरामद दस्तावेज के आधार पर वर्तमान बाजार मूल्य के हिसाब से करीब 10 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति होने का अनुमान है।

4 करोड़ रुपए कीमत के दो मकान, 6 बैंक खाते, 7 बीमा पॉलिसी, जेवर, नकदी सहित डबरा और बिलौआ में 56.5 बीघा जमीन

छापे के दौरान कहां, क्या मिला

झांसीरोड स्थित पारस विहार कालोनी में 800 वर्गफीट में बना तीन मंजिला आलीशान मकान। कीमत करीब एक करोड़ रुपए।
सिटी सेंटर स्थित टाउनशिप में ड्यूप्लेक्स, 1800 वर्ग फीट में निर्मित, जिसे तुड़वाकर तीन मंजिला बनवाया गया। कीमत करीब 3 करोड़ रुपए।
डबरा की गणेश कालोनी में दो मकान
भोपाल के पटेल नगर में फ्लैट
ग्वालियर के बसंत कुंज में दो फ्लैट (हाल ही बुक कराए हैं)
ग्वालियर में पीएचई कालोनी, गुड़ीगुढ़ा नाका और डबरा में तीन प्लाट
तीन जगह कृषि भूमि

डबरा में 6.5 बीघा कृषि भूमि
बिलौआ में 50 बीघा कृषि भूमि
भिंड जिले के मिहाेना के पास जगनापुरा में भी कृषि भूमि है।
जेवर, नगदी, बैंक अकाउंट व वाहन

सोने-चांदी के जेवर, करीब 9 लाख के
3.50 लाख रुपए नगद
6 बैंक खाते
7 बीमा पॉलिसी
एक बैंक लाकर
एक कार, दो एक्टिवा, एक बाइक

30 साल की नौकरी में 16 साल से ग्वालियर में पदस्थ
पॉलिटेक्निक डिप्लोमा करने के बाद 1991 में सब इंजीनियर के तौर पर पीडब्ल्यूडी में नौकरी शुरू करने वाले रविंद्र सिंह कुशवाह बाद में बीई करके इंजीनियर बना। उसकी अब तक की नौकरी 30 साल की है। इसमें सबसे ज्यादा 16 साल की अवधि ग्वालियर की है। वो 2005 से यहां पदस्थ है। इससे पहले सागर और शिवपुरी में भी पदस्थ रहा। वर्तमान में पिछले डेढ़ साल से वह जीवाजी विश्वविद्यालय में चल रहे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की जिम्मेदारी भी संभाल रहा था।

गोपनीय शिकायत के बाद हुई कुशवाह पर कार्रवाई
एसडीओ रविंद्र सिंह कुशवाह के खिलाफ विभाग को गोपनीय शिकायत मिली थी। उसकी जांच के बाद ही उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद शुक्रवार एक साथ उनके दो ठिकानों पर छापा डाला गया। छापे के दौरान संपत्ति संबंधी दस्तावेज मिले हैं। इनकी जांच-पड़ताल के साथ ही संपत्ति का मूल्यांकन भी कराया जाएगा। इसके बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा कि उन्होंने आय से अधिक कितनी संपत्ति अर्जित की है। -अमित सिंह, एसपी ईओडब्ल्यू ग्वालियर

विभागीय कार्रवाई: छापे के बाद डिवीजन एक में किया अटैच
एसडीओ रविंद्र सिंह कुशवाह के दो ठिकानों पर पड़े ईओडब्ल्यू के छापे के बाद के विभागीय स्तर पर भी उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। विभागीय मुख्य अभियंता आरएल भारतीय के मुताबिक एसडीओ कुशवाह को तत्काल प्रभाव से डिवीजन नंबर एक में अटैच कर दिया गया।

Share This News :