Homeअपना शहर ,slider news,
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद ASP सुमन, CSP पचौरी का तबादला, दो TI एक SI को पहले ही किया जा चुका है ग्वालियर से बाहर

ग्वालियर | मुरार थाने में दुष्कर्म पीड़ित की मदद के बदले उसे बंधक बनाकर रात भर झाड़ू से पीटने वाली पुलिस को हाईकोर्ट की सख्ती के बाद सबक मिला है। आरोप है कि पुलिस ने मामले में आरोपी के दादा के कहने पर पीड़ित नाबालिग, उसके मां-पिता को बयान बदलने के लिए पीटा। सीनियर ऑफिसर ने इस मामले में अन्य अधिकारियों को गुमराह किया। कोर्ट को भी गलत जानकारी दी।

इसी बात पर नाराज हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने तत्कालीन थाना प्रभारी सहित 5 अफसरों को ग्वालियर अंचल से बाहर करने के आदेश दिए थे। इसी आदेश के पालन में मंगलवार को ASP शहर सुमन गुर्जर, CSP मुरार आरएन पचौरी को भोपाल ट्रांसफर किया गया है। दो थाना प्रभारी व एक सब इंस्पेक्टर पहले की बाहर किए जा चुके हैं।

एक लड़की ने 31 जनवरी की रात मुरार थाना पहुंचकर खुद की उम्र 15 साल बताते हुए आरोप लगाया था कि सीपी कॉलोनी निवासी ठेकेदार गंगा सिंह भदौरिया के मकान में वह झाड़ू पोंछा करती थी। 20 दिसंबर 2020 से उसे काम पर रखा था। घर के ग्राउंड फ्लोर पर ही वह रहती थी। 31 जनवरी की रात 8 बजे गंगासिंह का नाती आदित्य भदौरिया और उसके एक दोस्त ने मेरे दरवाजे पर दस्तक दी। जब दरवाजा खोला तो आदित्य और उसके दोस्त कमरे में आ गए। इन्होंने मेरे साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वहां से धमकाकर भाग गए। मैं काफी डरी हुई थी इसलिए पहले CM हेल्प लाइन पर कॉल किया।

जहां से सूचना मिलने पर मुरार थाना पुलिस उसे लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने आदित्य और उसके दोस्त पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया, पर मामला दर्ज होने का पता चलते ही आरोपी आदित्य भदौरिया का दादा व ठेकेदार गंगासिंह भदौरिया थाने पहुंच गया। उसके बाद पुलिस ने उल्टा पीड़िता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने कहा था कि उसे थाने में रात भर झाड़ू और डंडे से पीटा। उसके मां-पिता को थाने में बंधक बनाकर पुलिस ने पीटा। इसमें तत्कालीन TI मुरार अजय पवार, सब इंस्पेक्टर कीर्ति उपाध्याय पर सीधा आरोप लगा था। इसके अलावा तत्कालीन TI सिरोल प्रीति भार्गव, ASP शहर सुमन गुर्जर, CSP मुरार रामनरेश पचौरी पर मामले को दबाने और गलत जानकारी अफसरों को देने का आरोप लगा था। इसके बाद पीड़िता ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी, जिसके बाद पुलिस के कारनामों की पोल खुली थी।

ASP, CSP को भोपाल भेजा, दो TI व एक SI पहले हटाए जा चुके हैं

  • इस मामले में हाईकोर्ट की सख्ती की के बाद ASP शहर सुमन गुर्जर, CSP मुरार रामनरेश पचौरी को मंगलवार को जिले से बाहर कर दिया गया है। सुमन गुर्जर को सहायक पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय भोपाल और सीएसपी आरएन पचौरी को उप पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है। इससे पहले तत्कालीन TI मुरार अजय पवार, सब इंस्पेक्टर कीर्ति उपाध्याय तत्कालीन TI सिरोल प्रीति भार्गव को सजा के तौर पर पहले ही जिले से बाहर किया जा चुका है।

Share This News :