Homeअपना शहर ,slider news,
तेज बारिश का अलर्ट:गुना में पार्वती ने 7 गांवों को घेरा, उमरी रोड का डायवर्शन बहा; ग्वालियर में सचिन तेंदुलकर मार्ग धंसा, भिंड-मुरैना में सड़कों पर घुटने तक पानी

मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से ग्वालियर-चंबल संभाग की स्थिति बिगड़ गई है। यहां पर चंबल, पार्वती, टेम, कूनो और सिंध नदियां उफान पर हैं। गुना, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना और भिंड के कई गांव बाढ़ से घिर गए हैं। नदियों का पानी पुल पर आने से रास्ते बंद हो गए हैं। गुना में सड़क बह गई। ग्वालियर शहर में 24 घंटे में साढ़े 3 इंच से ज्यादा बारिश होने से कॉलोनियों में पानी भर गया है। यहां सचिन तेंदुलकर मार्ग पर आधा फीट गहरा गड्ढा हो गया है। भोपाल और इंदौर में हल्की बारिश हो रही है। जबलपुर में गुरुवार को बरगी डैम के गेट खुल सकते हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश में तेज बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने गुना, ग्वालियर, शिवपुरी सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, नीमच, मंदसौर, विदिशा, छतरपुर सहित 10 जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन संभाग के अन्य जिलों में रिमझिम बारिश की संभावना भी जताई है। वहीं, मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि इस सप्ताह तो पूरे प्रदेश को बारिश मिलती रहेगी। बंगाल की खाड़ी में फिर से एक सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इस कारण 2 से 5 अगस्त तक प्रदेश फिर से जमकर भीगेगा।ग्वालियर में 24 घंटे में साढ़े तीन इंच से ज्यादा बारिश हुई। इसकी वजह से शहर की कुछ कॉलोनियों में पानी भर गया। गांधी नगर में घुटने तक पानी भर जाने की वजह से लोगों को परेशानी हुई। बारिश के कारण सचिन तेंदुलकर रोड धंसक गई। एक दिन पहले यहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी। जुलाई में अभी तक साढ़े नौ इंच बारिश हो चुकी है।

Share This News :