Homeअपना शहर ,slider news,
बाजारों में राखी के त्योहार की भीड़, लोग भूले कोरोना ,बसें भी चल रहीं ओवरलोड

ग्वालियर  |यदि आप रक्षाबंधन के त्योहार पर खरीदारी करने के लिए बाजार जा रहे हैं तो मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंस का ध्यान जरूर रखें, क्योंकि ग्वालियर में बीते 7 दिन में 11 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। कहीं ऐसा न हो बाजारों में त्योहार की भीड़ में लापरवाही से शामिल होकर आप भी अपने घर तक संक्रमण ले आए।

शहर के बाजारों में इस समय त्योहार को लेकर काफी भीड़ भाड़ है। इसी समय संक्रमण भी धीरे-धीरे शहर में पांव पसार रहा है। बाजारों में न दुकानदार मास्क लगाए हैं न ग्राहक। साथ ही सोशल डिस्टेंस तो पूरी तरह भूल चुके हैं। कहीं यह लापरवाही तीसरी लहर आने का कारण न बन जाए।दो दिन बाद रविवार (22 अगस्त) को राखी का त्योहार रक्षाबंधन है। पर इससे पहले ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। बाजारों में लोगों भीड़ नजर आ रही है। विशेषकर महिला खरीदार ज्यादा नजर आ रही हैं। बाजारों के फुटपाथ भी राखी की दुकानों से सज गए हैं। पर यही समय है जब सावधान रहने की जरूरत है। मुरार व्यवसायी संघ के सदस्यों की बात माने तो अचानक बाजार में आम दिनों की तुलना में खरीदारों की भीड़ दोगुना हो गई है। जो बाजार रात 8 बजे तक बंद हो रहे थे वह अब रात 10 बजे तक खुल रहे हैं। यही हाल लश्कर के बाजारों का भी है।

रक्षाबंधन से पहलें बसें भी चल रहीं ओवरलोड

  • बाजारों के साथ-साथ ट्रेन और बसों में भी रस है। ट्रेनों में अगले 10 दिन तक की वेटिंग चल रही हैं तो बसों में त्योहार पर घर आने जाने वाले लोगों की भीड़ है। ग्वालियर बस स्टैंड पर शुक्रवार को यह हाल था कि यहां से निकलने वाली सभी बसें फुल थीं। कोरोना नियम तो दूर की बात क्षमता से ज्यादा सवारी भरी हुईं थीं। 32 सीटर बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। रास्ते में मिलने वाले यात्री अलग से सवार होंगे, लेकिन कार्रवाई करने वाले जिम्मेदार कहीं नहीं दिख रहे थे।

प्रशासन और पुलिस की सख्ती हुई कम

  • सरकार, जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग यूं तो संभावित तीसरी लहर से निपटने की पूरी तैयारी का दावा कर रहे हैं, लेकिन बाजारों में कार्रवाई पूरी तरह बंद पड़ी है। बाजारों में न तो बिना मास्क बैठे दुकानदारों पर कोई एक्शन लिया जा रहा है न ही ग्राहकों पर चालान की कार्रवाई की जा रही है।

Share This News :