Homeदेश विदेश ,slider news,
अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला: 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए एस पी त्यागी

अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला मामले में गिरफ्तार किए गए पूर्व वायु सेना प्रमुख एस पी त्यागी को 30 दिसंबर तक की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया। वहीं, इस मामले में एस पी त्यागी की तरफ से पटियाला हाउस कोर्ट में एक जमानत याचिका दाखिल की गई है, जिस पर 21 दिसंबर को सुनवाई होगी।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार ने त्यागी, उनके रिश्तेदार संजीव त्यागी और दिल्ली के वकील गौतम खेतान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। त्यागी और अन्य लोगों पर ब्रिटेन की अगस्ता वेस्टलैंड कंपनी से 12 एडब्ल्यू-101 वीवीआईपी हेलीकॉप्टर की खरीद में हुई अनियमितता में संलिप्तता का आरोप है।

गौरतलब है कि वायु सेना के पूर्व प्रमुख एसपी त्यागी 2007 में रिटायर हो गए थे। हेलीकॉप्टर खरीद मामले मे सीबीआई उनसे कई बार गहन पूछताछ कर चुकी है। एक जनवरी 2014 को भारत ने इस वीवीआईपी हेलीकॉप्टर का सौदा रद्द कर दिया था। आरोप था कि इस खरीद में  ठेके की शर्तों का उल्लंघन किया गया और सौदे के बदले 423 करोड़ रुपये की दलाली खाई गई।

Share This News :