Homeअपना शहर ,slider news,
ग्वालियर स्टेशन पर पकड़ा 24 लाख का सोना

ग्वालियर रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम से GRP ने दो युवकों को पकड़ा है। इनके पास से काले रंग के बैग में करीब 400 ग्राम सोने के जेवरात मिले हैं। दोनों युवकों के पास न तो ट्रेन टिकट था और न ही प्लेटफाॅर्म टिकट था। दोनों पुलिस को देखकर घबराए तो पकड़े गए। दोनों ही युवक ग्वालियर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि यह माल डबरा और दतिया में देना था। गहनों की कीमत 24 लाख रुपए बताई गई है। जब गोल्ड के दस्तावेज युवक नहीं दिखा पाए, तो GRP ने इसकी सूचना GST विभाग को दी। उन्होंने भी गहनों संबंध में कर चोरी की जांच की है।

GRP डीएसपी शुभा श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को रेलवे स्टेशन पर जवान गश्त करते हुए प्लेटफार्म नंबर एक वेटिंग हॉल में पहुंचे। यहां दो युवक जवानों को देखकर हड़बड़ाकर जाने लगे। जवानों को शंका हुई। उन्होंने युवकों को रोकने की कोशिश की, तो वे अनसुना करके बढ़ते गए। जवानों ने दौड़ लगाकर उन्हें रोक लिया और पूछताछ की।

उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली, तो उसमेंकरीब 400 ग्राम के सोने के जेवरात मिले। जवान उन्हें लेकर थाने पहुंचे। युवकों ने अपने नाम सन्नी चौरसिया और अंकित गोयल निवासी ग्वालियर बताया है।

नहीं मिले दस्तावेज
पुलिस ने दोनों से जेवरातों के बिल मांगे, तो वह दस्तावेज नहीं दिखा सके। दोनों ये भी नहीं बता सके कि ये जेवरात किसके है और किसको देना था। अफसरों की पूछताछ में वह सिर्फ इतना बता रहे हैं कि जेवरात लेकर वह डबरा और दतिया जा रहे थे, जहां कारोबारी को देने थे।

जीएसटी और इनकम टैक्स विभाग को दी सूचना
GRP अफसरों ने इसकी सूचना GST व इनकम टैक्स विभाग को दे दी है। GST के अफसराें ने पहुंचकर सोना और गहनों की जांच की है। उन्होंने माल की कीमत करीब 24 लाख रुपए बताई है।

20 दिन पहले भी पकड़ी थी खेप
दीपावली के बाद देव उठनी ग्यारस से इस सीजन का सबसे बड़े सहालग की शुरुआत हो जाएगी। नवंबर व दिसंबर में सैकड़ों शादियां होने के चलते सोने के आभूषण का कारोबार इस महीने से ही फल-फूलने लगा है। ऐसे में अंचल ही नहीं, बल्कि अन्य शहरों में ग्वालियर से तैयार आभूषण बिना कागजात के भेजे जा रहे हैं। सनद रहे कि बीते बीस दिन पहले भी जीआरपी ग्वालियर ने दो युवकों से एक किलो आठ सौ ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए थे।

 
खबरें और भी हैं...

Share This News :