Homeअपना शहर ,slider news,
खाद काे लेकर किसानाें के बीच चले लात घूंसे

ग्वालियर| जिले के भितरवार में खाद वितरण केंद्र पर खाद लेने आए किसान आपस में भिड़ गए। खाद लेने की जद्दोजहद के चलते वहां मौजूद कुछ किसानों में पहले विवाद हुआ, बाद में लात घूंसे चलने शुरू हो गए। हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची, तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।घटना गुरुवार की सुबह भितरवार खाद वितरण केंद्र की है। मावठ की बारिश के बाद किसानों को खाद की अत्याधिक जरूरत पड़ रही है। इधर उनकी जरूरत के हिसाब से खाद नहीं मिल पा रहा है। रोजाना महिलाएं और परिवार के अन्य लोग खाद के लिए लाइन में लगने पर मजबूर हैं। गुरुवार सुबह के समय खाद वितरण केंद्र पर करीब ढाई सौ से 300 महिलाएं लाइन में लगी हुई थी। यहां पर 500 से 600 किसान जमा थे। इसी दाैरान कुछ किसानों में आपसी विवाद हो गया और बाद में उनके बीच लात घूंसे चलना शुरू हाे गए। वहां मौजूद कुछ वयाेवृद्ध किसानों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। खाद वितरण केंद्र पर झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद किसानों को समझाबुझाकर शांत कराया। गौरतलब है कि किसान खाद के लिए परेशान हैं और उनको खाद मांग के अनुसार नहीं मिल पा रहा है। किसानों का कहना है कि पिछले करीब 10 दिनों से खाद के लिए लाइन लगानी पड़ रही है। कड़कड़ाती सर्दी में महिलाएं सहित परिवार के सभी लोग लाइन में लगने पर मजबूर हैं। इसके बाद भी खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। किसानों की भीड़ काे देखते हुए अधिकतम 10 बैग खाद प्रति किसान काे दिया जा रहा है। किसानों का कहना है कि मावठ के बाद फसलों में खाद की जरूरत है। खाद की कमी के कारण गेंहू पीला पड़ रहा है, अगर समय रहते खाद नहीं मिला तो उनको बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।

Share This News :