गैस कंपनी का मैनेजर रिश्वत लेते गिरफ्तार
इंदौर में हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ज्वाइंट वेंचर निजी कंपनी अवंतिका गैस लिमिटेड के मैनेजर को सीबीआई ने 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। मैनेजर एक ठेकेदार से बिल पास करने के लिए रिश्वत ले रहा था तभी उसे इंदौर में राशि लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया।
इंदौर में हिंदुस्तान पेट्रोलिमय गैस की पाइप लाइन बिछा रहा है जिसमें वह ज्वाइंट वेंचर के रूप में अवंतिका गैस लिमिटेड के साथ काम कर रही है। गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए अवंतिका गैस लिमिटेड ने ठेकेदार को काम दिया है। एक ठेकेदार ने काम के बदले अपना बिल अवंतिका गैस लिमिटेड में दिया था लेकिन उसके भुगतान के पहले गैस कंपनी के मैनेजर विजय शुक्ला ने अलग से राशि की मांग की थी।
स्कीम नंबर 54 में एनएचडीसी गेस्ट हाउस में कार्रवाई
ठेकेदार से रिश्वत लेने के लिए गैस कंपनी मैनेजर शुक्ला ने ठेकेदार को इंदौर की स्कीम नंबर 54 में एनएचडीसी गेस्ट हाउस पर बुलाया था। सीबीआई की भोपाल इकाई ने बुधवार रात को कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते हुए गैस कंपनी के मैनेजर को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। अवंतिका गैस लिमिटेड के मैनेजर विजय शुक्ला को सीबीआई ने 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।