Homeअपना शहर ,slider news,
नहीं टूटने दूंगा मकान, यह मेरी जिम्मेदारी है:पूर्व सीएम दिग्विजय बोले

ग्वालियर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने एक दिन के प्रवास की शुरुआत मुरार के मीरा नगर से की है। यहां मोहल्ले में शराब अहाता व दुकान खोलने का विरोध करने के बाद शराब माफिया और भूमाफिया ने सांठगांठ कर विरोध करने वाले जाटव परिवारों के मकान छीनने के लिए नगर निगम से नोटिस दिला दिया है। यह जमीन इन 15 परिवारों को पट्‌टे पर मिली थी।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का कहना है कि किसी की मनमर्जी नहीं चलेगी। 15 परिवारों को भरोसा दिलाया है कि एक का भी मकान नहीं टूटेगा। यह मेरी जवाबदेही और जिम्मेदारी है। भाजपा पर वह बोले- भाजपा के राज में आम आदमी महंगाई से परेशान है। परेशान कौन नहीं है भाजपा के लोग और दलाल। यह मजे कर रहे हैं। इसके बाद वह प्रशांत गंगवाल के घर पहुंचे। उनसे मुलाकात की। फिर वह सेन्ट्रल जेल पहुंचे यहां NSUI के जिलाध्यक्ष शिवराज यादव से मुलाकात की। रविवार रात को ग्वालियर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर में कई कार्यक्रम में भाग लिया है। वह मुरार के सिंहपुर रोड मीरा नगर पीतल कारखाना इलाके में पहुंचे। यहां सन 1983 में कांग्रेस के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने 15 दलित परिवारों को पट्‌टे पर जमीन दी थी। अब इस मामले में नगर निगम ने तीन दिन में मकान तोड़ने का अल्टीमेटम देकर सभी परिवारों का नोटिस भेजे हैं। इतना ही नहीं मोहल्ले के लोगों ने एक शराब खोलने का विरोध किया था। जिसके बाद यह नोटिस आए है। दिग्विजय सिंह ने सभी परिवारों से बात कर उनको हिम्मत दिलाई है कि वह उनके साथ हैं और जब जरुरत होगी आकर लड़ेंगे।

NSUI जिलाध्यक्ष से जेल में की मुलाकात, उठे सवाल
मुरार में लोगों से बात करने के बाद पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सेन्ट्रल जेल ग्वालियर पहुंचे। यहां उन्होंने NSUI के जिलाध्यक्ष शिवराज यादव से विशेष मुलाकात की है। उन्होंने जेल अधीक्षक के केबिन में NSUI के जिलाध्यक्ष व हत्या के प्रयास के आरोपी शिवराज यादव से बात की। उनकी यह मुलाकात पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि वीआईपी के लिए जेल की मुलाकात के नियम को ताक पर रख दिया गया है। शिवराज एक पुतला दहन कर रहे थे तभी पुतला छीनते समय एक पुलिस सब इंस्पेक्टर झुलस गया था। जिसके बाद NSUI के जिलाध्यक्ष शिवराज सहित पांच पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया था। यहां दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भाजपा दमन की राजनीति कर रही है। दमन की राजनीति तो अंग्रेजों की नहीं चली थी फिर यह तो भाजपा है। हम आंदोलन करेंगे। वो घटना सिर्फ एक दुर्घटना थी। जिसका गलत फायदा उठाया गया।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष के प्रदर्शन में हुए शामिल
-सोमवार को युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेवरन सिंह कंषाना के नेतृत्व में सोमवार को फूलबाग चौराहा पर संविदा पर भर्ती डॉक्टर और नर्सों को बिना कारण हटाए जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन व रैली में भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल हुए है। कुछ दूरी तक चलने के बाद पूर्व सीएम चीनोर में किसान परिवारों से मुलाकात करने निकल गए हैं। वहां तीन गांव में करीब 2000 बीघा जमीन पर खड़ी फसल आग की भेंट चढ़ गई है।

Share This News :