Homeदेश विदेश ,slider news,
मेक्सिको के पटाखा बाजार में लगी भीषण आग, 27 की मौत, 70 से ज्यादा जख्मी

मेक्सिको के सबसे लोकप्रिय पटाखा बाजार में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई है जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों के इलाज के लिए पास स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते इसने पटाखा बाजार की कई दुकानों को अपनी जद में ले लिया और करोड़ों के माल को खाक कर दिया।
दरअसल, यहां के 'सैन पाब्लिटो' नाम के पटाखा बाजार की एक दुकान में अचानक आग लग गई, जिससे दुकान में रखे पटाखों में धमाके होने लगे। हर तरफ बारूद होने की वजह से आग तेजी से फैली और पटाखों में लगातार धमाके होते चले गए। धमाके होते ही चारों तरफ धुआं फैल गया। हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों को सांस तक लेने दिक्कत होने लगी।
हादसे के बाद प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सड़कें खाली करने को कहा ताकि एंबुलेंस और बचाव दल को मौके पर पहुंचने में कोई परेशानी न आए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए बचाव दल ने तुरंत आग बुझाने और हताहतों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बचाव दल के लोग कैसे आग बुझाने में लगे हुए हैं।
आग की वजह से बाजार में मौजूद कोई भी दुकान सुरक्षित नहीं बची और ज्यादातर दुकानें खाक हो गईं। साथ ही आसपास के कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा है। इससे पहले साल 2005 और 2006 में भी इस बाजार में भीषण आग लग गई थी।

Share This News :