Homeअपना शहर ,slider news,
भाजपा:सड़क पर उतरे कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, केंद्रीय मंत्री तोमर और सांसद काे घेरा

नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद पद के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्याशियों की सूची घोषित करने के बाद उपजा विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। कार्यकर्ताओं के बगावती तेवर रविवार को सड़कों पर दिखाई दिए। पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के उद्घाटन समारोह के दौरान नाराज कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ नारेबाजी की बल्कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और सांसद विवेक शेजवलकर का घेराव भी किया। कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सांसद को खरीखोटी भी सुनाईं। नेताओं ने विरोध करने पहुंचे लोगों की बात सुनकर वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचाने की बात कही। खास बात यह रही कि सड़क पर पार्टी कार्यकर्ता तो बंद कमरे में नेताओं ने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के सामने टिकट वितरण के मामले को लेकर सवाल उठाए।

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद विवेक शेजवलकर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने मोदी हाउस में निकाय चुनाव के लिए पार्टी के कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान नेताओं ने कहा कि सुमन शर्मा को टिकट देकर पार्टी ने जमीनी कार्यकर्ता का सम्मान किया है। हम सबको मिलकर उनके लिए मेहनत करना है। कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम समाप्त भी नहीं हो पाया कि टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। सबसे पहले वार्ड 21 में टिकट का विरोध कर रहे लोगों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि क्षेत्र के किसी भी कार्यकर्ता को टिकट दे देते तो कोई दिक्कत नहीं, लेकिन ऐसे कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। इसी बीच वार्ड 50 के कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशी को बदलने के नारे लगाए। उनका कहना था कि पहले भी दो बार पार्टी ने बाहरी प्रत्याशी दिए थे, जो हार गए। वार्ड 18 से दावेदारी कर रहे कुलदीप चतुर्वेदी और वार्ड 53 के मामले में बंटी भदौरिया ने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश से अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इस मामले में स्थानीय नेताओं से बात करने का आश्वासन दिया।

भाजपा ने वार्ड 66 में बदला प्रत्याशी, गुड्‌डी की जगह गिर्राज को दिया मौका

भारतीय जनता पार्टी में पार्षद प्रत्याशियों को लेकर चल रहे बवाल के बीच पार्टी ने वार्ड 66 से प्रत्याशी में बदलाव किया है। यहां से गुड्‌डी केशव सिंह गुर्जर को प्रत्याशी बनाया गया था, लेकिन बाद में वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद इस वार्ड से गिर्राज गुर्जर को प्रत्याशी बनाया गया है। हालांकि पार्टी के जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

अनारक्षित वार्ड में पिछड़ा वर्ग को टिकट देने पर लगाई आपत्ति

अनारक्षित वार्डों से पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने के मामले में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आपत्ति लगाई। वार्ड 53 से पूर्व पार्षद सुजीत भदौरिया के समर्थक सांसद की गाड़ी के आगे खड़े हो गए। उन्होंने सांसद से नीचे उतरकर बात सुनने का आग्रह किया। उनका कहना था कि वार्ड अनारक्षित होने के बाद भी यहां से पिछड़ा वर्ग की महिला को टिकट दिया गया है। ऐसे में अनारक्षित वर्ग की कार्यकर्ता कहां से दावेदारी करेगी। वहीं, अनारक्षित वार्ड तीन में पिछड़े वर्ग की प्रत्याशी मंजू राजपूत को टिकट देने पर विहवल सेंगर के नेतृत्व में क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने सांसद से मुलाकात की।

बैठक में नेता हुए मुखर, आपराधिक चरित्र वाले लोगों को टिकट देने का मामला उठा

टिकट वितरण को लेकर असंतोष को देखते हुए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने बंद कमरे में चुनिंदा नेताओं से चर्चा की। इसमें वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई। वार्ड 4, 31, 53, 54 और 58 सहित कुल आठ वार्डों में प्रत्याशी चयन को लेकर पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, जीडीए के पूर्व अध्यक्ष अभय चौधरी, वेदप्रकाश शर्मा ने भी सवाल उठाए। इस दौरान आपराधिक चरित्र वाले लोगों को टिकट देने का मामला भी उठा। इसी बीच पार्टी कार्यकर्ता यहां पहुंचकर नारेबाजी करने लगे तो राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने सांसद से कहा कि आप उनसे बात करें। इसके बाद सांसद उठकर बाहर चले गए। विरोध का क्रम रात तक चलता रहा। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने कहा कि ऐसा लगता है कि नीचे से हाेमवर्क सही नहीं हुआ है।

अनारक्षित वार्डों में पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवार उतारने पर दोनों पार्टियों में विरोध

नगर निगम के 66 वार्डों में से 20 वार्ड पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने इससे अिधक टिकट ओबीसी को बांटे हैं। इसका दोनों दलों में विरोध हो रहा है। भाजपा ने सात अनारक्षित वार्डों में भी पिछड़े वर्ग के प्रत्याशियों पर दांव खेला है। इस प्रकार 66 में से कुल 31 वार्डों में पिछड़ा वर्ग के प्रत्याशी दावेदारी कर रहे हैं। अनारक्षित वार्डों में उतारे गए पिछड़े वर्ग के प्रत्याशियों में वार्ड 1 में अनिता कौरव, 3 मंजू राजपूत, 29 में गिर्राज कंसाना, 41 में मोहित जाट, 53 में खुशबू गुप्ता, 54 नीलिमा शिंदे, वार्ड 58 में अपर्णा पाटिल शामिल हैं। इसी तरह कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग के 11 प्रत्याशियों को अनारक्षित वार्डों में टिकट दिया है। एक अनारक्षित वार्ड में अल्पसंख्यक को प्रत्याशी बनाया गया है। वार्ड 18 व 24 में 6-6 प्रत्याशी मैदान में हैं। वार्ड 51 व 54 में 5-5 प्रत्याशी कांग्रेस से चुनाव मैदान में है।

Share This News :