Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
छैगाँवमाखन उदवहन सिंचाई परियोजना निमाड़ क्षेत्र के लिए वरदान

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा 536.99 करोड़ रूपये लागत की उदवहन सिंचाई परियोजना का भूमि-पूजन

भोपाल : 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छैगाँवमाखन उदवहन सिंचाई परियोजना निमाड़ क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान सिद्ध होगी। श्री चौहान खण्डवा के छैगाँवमाखन में 536 करोड़ 99 लाख रूपये लागत की उदवहन सिंचाई परियोजना का भूमि-पूजन कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नई तकनीक से तैयार की गई है। इसमें नहरों के स्थान पर पाईप लाईन के माध्यम से खेत-खेत तक पानी पहुँचेगा और निमाड़ क्षेत्र के किसानों के जीवन में खुशहाली आयेगी। उन्होंने सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान के अनुरोध पर घोषणा की कि छैगाँवमाखन क्षेत्र के जो गाँव इस योजना में अभी शामिल नहीं हो पाये हैं उन्हें भी शीघ्र ही शामिल किया जायेगा। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र के 5 लाख 37 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था के लिए योजना के साथ सिहाड़ा-जावर उदवहन सिंचाई परियोजना, भीकनगाँव-एदलवाड़ा उदवहन सिंचाई परियोजना भी स्वीकृत की गई है। इससे इस क्षेत्र के किसानों की दशा ही बदल जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने तथा किसानों के कल्याण के लिए दिन-रात प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से कृषि ऋण पर ब्याज की दर 18 प्रतिशत से कम करते हुए शून्य प्रतिशत तक कर दी गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि माँ नर्मदा का जल उनके खेतों तक आने से किसानों के जीवन में खुशहाली आयेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का भी दायित्व है कि माँ नर्मदा को प्रदूषित न करें तथा नर्मदा तट पर अधिक से अधिक संख्या में वृक्ष लगाये जायें ताकि नर्मदा नदी में हर समय भरपूर पानी उपलब्ध रहे। 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उपस्थित ग्रामीणों को अपने घरो में शौचालय बनवाने, नशा नहीं करने, बेटियों को शिक्षित करने तथा बेटा-बेटियों में भेद न करने का संकल्प भी दिलवाया। उन्होंने कहा कि नर्मदा तट पर स्थित शहरों में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर शहरों का गंदा पानी नर्मदा नदी में मिलने से रोकने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने अपील की कि अगले माह खण्डवा जिले में आने वाली नर्मदा सेवा यात्रा का गाँव-गाँव में ऐतिहासिक स्वागत किया जाये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राजस्व पुस्तक परिपत्र में सुधार करते हुए प्राकृतिक आपदा से फसल हानि होने पर पहले से कई गुना अधिक राहत किसानों को दी जाने लगी है। उन्होंने बताया कि फसल बीमा योजना में खण्डवा जिले के किसानों को 171 करोड़ रूपये की मदद स्वीकृत हुई है, जो शीघ्र ही किसानों के खातों में जमा की जा रही है। 

नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि मध्यप्रदेश की स्थापना के 50 वर्ष बाद तक प्रदेश में जितने विकास कार्य नहीं हुए थे उससे अधिक विकास कार्य गत 10 वर्ष में मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में सिंचाई पाईप लाईन के माध्यम से की जायेगी। इस तरह नर्मदा के पानी की एक-एक बूँद सिंचाई के काम आ सकेगी तथा भू-अर्जन भी कम से कम करना पड़ेगा। परियोजना को कुल 36 माह में पूरा किया जाना प्रस्तावित है। 

सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने परियोजना के निर्माण कार्य की शुरूआत होने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। à¤•ार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह, विधायक श्रीमती योगिता बोरकर, श्री लोकेन्द्र सिंह तोमर, श्री देवेन्द्र वर्मा, श्री हितेन्द्र सोलंकी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हसीना बाई मौजूद थीं।

Share This News :