Homeslider news,अपना मध्यप्रदेश,
राहुल गांधी बोले-बुरहानपुर मोहब्बत का सेंटर:कहा-बीजेपी ने MP में भ्रष्ट विधायक खरीदकर सरकार बनाई

एमपी में भारत जोड़ो यात्रा के पहले दिन राहुल गांधी ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में शाम को हुई सभा में कहा कि मध्यप्रदेश में हम चुनाव जीते थे। हमारी सरकार थी। बीजेपी ने करोड़ों रुपए देकर 20-25 भ्रष्ट विधायकों को खरीद लिया और सरकार बना ली। राहुल गांधी ने कहा कि बुरहानपुर मोहब्बत का सेंटर है। ये बात आप हिंदुस्तान को हजारों सालों से कह रहे हो। हम मोहब्बत के इस मैसेज को श्रीनगर तक ले जाएंगे।

इससे पहले बुधवार सुबह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर के बोदरली गांव से एमपी में इंटर हुई। मॉर्निंग पैदल मार्च के बाद बुरहानपुर के जेवियर कॉलेज में यात्रा का लंच ब्रेक हुआ। यहां से यात्रा फिर शुरू हुई, ये यात्रा बुरहापुर के ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची जहां राहुल गांधी ने संबोधित किया।

किसानों के दिल में डर भर दिया: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि किसी ने मुझे कहा- मैं 2000 किलोमीटर चला। ये मुश्किल काम नहीं है। किसान जिंदगी में 30 से 40 हजार किलोमीटर चलता है। असली काम वो करता है। उसे क्या जरूरत होती है। उसे बीज नहीं मिलता, फर्टिलाइजर के दाम दोगुने हो जाते हैं। किसान के दिल में डर भर दिया। 24 घंटे काम करता है। सुबह 4 बजे उठता है। आधी रोटी खाता है, फिर जब उसका फसल बेचने का समय आता है। दिल्ली में बैठे लोग एमएसपी गिरा देते हैं।

राहुल गांधी बोले - युवा रोजगार चाहता है। रोजगार छोटा व्यापारी देता है। छोटे-छोटे मिडिल साइज बिजनेस देता है। ये रोजगार, पब्लिक सेक्टर से मिलता है। अब इन्होंने युवाओं को डराने के लिए नोटबंदी और जीएसटी लागू किया। छोटे व्यापार खत्म हो गए। रीढ़ की हड्‌डी तोड़ दी। एमपी में युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता। नोटबंदी, जीएसपी पॉलिसी नहीं, बल्कि हथियार हैं।

राहुल गांधी ने कहा- सभी संस्थाओं को आरएसएस, बीजेपी ने पकड़ रखा है। हमने सोचा एक ही रास्ता है, इसलिए हम सड़क पर उतरे। लोगों से सीधा जाकर मिलो। उनकी बात सुनो। छोटे व्यापारियों से मिलो। हमने सोचा भी नहीं था कि इतनी शक्ति, इतना प्यार मिलेगा।राहुल गांधी ने कहा - हमें लगा कि हिंदुस्तान में नफरत, डर और हिंसा का माहौल बीजेपी के लोगों ने बना दिया है। जनता की आवाज, किसानों की आवाज, छोटे व्यापारियों और मजदूरों की आवाज हो, हमने पहले इसे राज्यसभा, लोकसभा में उठाने की कोशिश की। किसानों के तीन काले कानून आए। पीएम ने नोटबंदी की। आप किसी भी छोटे व्यापारी से पूछो, आज मैं उनके साथ चल रहा था, उनके सारे बिजनेस बंद हो गए। 5 अलग-अलग जीएसटी, 28% तक टैक्स लागू करके बाकी को भी उड़ा दिया।

इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश पहुंची। यात्रा का पहला पड़ाव बुरहानपुर जिले का बोदरली गांव रहा। यहां सुबह 7 बजे राहुल का आरती उतारकर स्वागत किया गया। ​​बंजारा लोक नृत्य कलाकार रीना नरेंद्र पवार ने उनके स्वागत में लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। एमपी में अपने पहले भाषण में ही उन्होंने भाजपा पर हमला बोला। कहा- BJP पहले डर फैलाती है फिर हिंसा। हिंदुस्तान में किसी को डरने की जरूरत नहीं है।

राहुल का काफिला सुबह 6 बजे महाराष्ट्र के जलगांव जामोद से रवाना हुआ। एमपी में यात्रा की शुरुआत बोदरली से हुई है। यहां पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने स्वागत किया। कहा- भारत जोड़ो यात्रा को मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा जन समर्थन मिलेगा। यात्रा साढ़े तीन घंटे चलकर बुरहानपुर पहुंची।

Share This News :