Homeराज्यो से ,
बुजुर्ग महिला ने राहुल गांधी को दिया 'जीत का मंत्र', कहा- बनेगी कांग्रेस की सरकार

खंडवा। मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा  का दूसरा दिन है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में हर दिन हजारों लोग इस यात्रा में पहुंच रहे हैं। कांग्रेस लगातार दावा कर रही है कि इस यात्रा का चुनावी राजनीति से कोई लेना देना नहीं है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी शासित राज्य के कई मतदाता इसे अगले चुनाव से जोड़कर भी देख रहे हैं। इस बीच एक महिला ने गुरुवार को मध्यप्रदेश में सरकार बनाने का मंत्र दे दिया।

गुरुवार सुबह बुरहानपुर से रवाना हुई यात्रा खंडवा जिले में पहुंच गई थी। यहां राहुल गांधी  और प्रियंका गांधी  को देखने और उनसे मिलने वालों का जमघट लगा रहा। कई लोग उनके साथ सेल्फी लेते हुए भी नजर आए। इसी बीच रुस्तमपुर में एक बुजुर्ग महिला राहुल गांधी से मुलाकात करने सामने आ गई। उन्होंने राहुल गांधी को जीत का 'मंत्र' दे दिया।

किसान परिवार की 63 साल की इस महिला का नाम अनिता महाजन है। अनिता महाजन ने राहुल गांधी को सुझाव दिया कि यदि वे चाहते हैं कि राज्य में एक साल बाद होने वाले चुनाव में कांग्रेस की सरकार बने तो उन्हें किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा करना चाहिए। अनीता महाजन ने राहुल से कहा कि रासायनिक खाद और रसोई गैस के दाम कम करने के साथ ही विधवा पेंशन बढ़ाने के भी प्रयास होना चाहिए।गौरतलब है कि 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर 10 दिन के भीतर किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। इस घोषणा का असर किसानों पर ऐसा पड़ा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई थी। यह ऐसा दौर था जब 15 सालों बाद कांग्रेस सत्ता में वापस आई थी।

Share This News :